



पॉक्सो कानून और Good Touch-Bad Touch को लेकर विद्यार्थियों को किया जागरूक
बलिया। बच्चों को लैंगिक अपराधों से सुरक्षा और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को सेंट जेवियर्स स्कूल, धरहरा में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में हुए कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम-2012 के प्रावधानों और इसके कानूनी परिणामों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल जज (जू.डि.) एफटीसी विवस्वान प्रकाश ने की। विद्यालय की प्रातःकालीन सभा में उन्होंने छात्र-छात्राओं को सरल भाषा में पॉक्सो कानून की जानकारी देते हुए बताया कि बच्चों को अपने अधिकारों और सुरक्षा के प्रति सजग रहना चाहिए। किसी भी तरह की अनुचित घटना होने पर डरने या चुप रहने के बजाय तत्काल माता-पिता, अभिभावक, शिक्षक अथवा सक्षम प्राधिकारी को इसकी जानकारी देनी चाहिए।



इस दौरान विद्यार्थियों को Good Touch और Bad Touch के बारे में भी समझाया गया। बच्चों को बताया गया कि वे अपने शरीर की निजता और व्यक्तिगत सीमाओं को लेकर सतर्क रहें। किसी व्यक्ति का ऐसा स्पर्श जिससे उन्हें असहजता महसूस हो, उसे नजरअंदाज न करें और भरोसेमंद व्यक्ति से तुरंत साझा करे। अधिकारियों ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा में जागरूकता और समय पर सूचना की महत्वपूर्ण भूमिका है। विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति सजग करते हुए सुरक्षित वातावरण बनाने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार त्रिपाठी, कोऑर्डिनेटर पूनम, उप प्रधानाचार्य राजेश मिश्रा, पैरालीगल वॉलंटियर्स सुरेंद्र प्रसाद एवं बब्बन सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।