
बलिया में मारपीट में घायल युवक की मौत, बिजली ठीक करने को लेकर पटीदारों में हुआ था विवाद
बलिया। नगरा थाना क्षेत्र के सेमरी गांव में रविवार को बिजली का कनेक्शन ठीक करने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पटीदारों के बीच हुई मारपीट में घायल युवक की इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सूचना मिलते ही नगरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।



जानकारी के अनुसार सेमरी गांव निवासी सोनू यादव (25) पुत्र रामकवल यादव के घर की बिजली आंधी-तूफान और बारिश के कारण खराब थी। रविवार करीब 11:30 बजे सोनू अपने पटीदार शैलेंद्र यादव पुत्र सुमेर यादव के घर के सामने स्थित बिजली के खंभे से बिजली ठीक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान शैलेंद्र यादव ने इसका विरोध किया, जिसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया।



आरोप है कि विवाद के दौरान शैलेंद्र यादव और उसके परिवार के लोगों ने सोनू के साथ मारपीट कर दी। जिसमें सोनू गम्भीर रूप से घायल हो गया। आस पास के लोगों ने मारपीट में घायल सोनू को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल बलिया रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान सोनू की मौत हो गई। सूचना मिलते ही नगरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर नामजद आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में पुलिस बल तैनात है और शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए निगरानी की जा रही है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी रसड़ा रजनीश कुमार ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।