राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हुए रामगोविंद चौधरी, अंतिम दर्शन को उमड़ा जनसैलाब

Spread the love

राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हुए रामगोविंद चौधरी, अंतिम दर्शन को उमड़ा जनसैलाब


बलिया। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी का रविवार को उनके पैतृक गांव सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के गोसाईपुर में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके एकमात्र पुत्र रंजीत चौधरी ने मुखाग्नि दी। पुलिस जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया, जबकि प्रशासन की ओर से राष्ट्रीय ध्वज अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इसके साथ ही रामगोविंद चौधरी पंचतत्व में विलीन हो गए।


पूर्व मंत्री के अंतिम दर्शन के लिए सुबह से ही गोसाईपुर में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। गांव की गलियां और सड़कें समर्थकों, ग्रामीणों और आम लोगों की भीड़ से भर गईं। बलिया समेत आसपास के जिलों और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक अपने नेता को अंतिम विदाई देने पहुंचे।


पूरे गांव का माहौल गमगीन और भावुक रहा। अपने प्रिय नेता को खोने का दर्द लोगों के चेहरों पर साफ दिखाई दिया। समर्थकों के ‘जब तक सूरज चांद रहेगा, रामगोविंद का नाम रहेगा’ और ‘रामगोविंद चौधरी अमर रहें’ के नारों से गोसाईपुर गूंजता रहा। परिजनों को सांत्वना देने और अंतिम दर्शन के लिए लोगों की कतारें लगी रहीं।


अंतिम संस्कार में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और विभिन्न दलों के नेता भी पहुंचे। सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर प्रशासन की ओर से पुलिस बल की तैनाती की गई थी। अंतिम यात्रा में शामिल लोगों ने रामगोविंद चौधरी के निधन को समाजवादी आंदोलन और जमीनी राजनीति के लिए बड़ी क्षति बताया।
इस दौरान प्रदेश सरकार के मंत्री संजय निषाद, सांसद रमाशंकर राजभर, विधायक मु. रिजवी, जयप्रकाश अंचल, संग्राम सिंह यादव, पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह, अंबिका चौधरी, राजधारी, सपा महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा राजभर, एमएलसी रविशंकर सिंह पप्पू, सपा जिलाध्यक्ष सुनील मौर्य, कांग्रेस जिलाध्यक्ष उमाशंकर पाठक, पूर्व विधायक भगवान पाठक, संजय यादव, शिवशंकर चौहान, नीरज सिंह गुड्डू, यशपाल सिंह, चंद्रशेखर सिंह, सुशील पांडेय कान्ह जी, पारस यादव, उदय प्रताप सिंह, कमलेश सिंह, श्याम बहादुर सिंह और पूर्व प्रमुख अनिल सिंह समेत बड़ी संख्या में लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *