अमरेश हत्याकांड में आरोपियों की निशानदेही पर दो चाकू बरामद

Spread the love

अमरेश हत्याकांड में आरोपियों की निशानदेही पर दो चाकू बरामद

बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के दोथ सोनाडीह में मारपीट के दौरान अमरेश बहादुर सिंह की मौत के मामले में पुलिस ने पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिए गए दो आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो चाकू बरामद किए हैं। बरामदगी के बाद मुकदमे में आयुध अधिनियम की धारा 4/25 और बीएनएस की धारा 3(5) की बढ़ोतरी की गई है।

पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर की रात दोथ सोनाडीह में विवाद के दौरान अमरेश बहादुर सिंह और उनके चाचा मन्जेश सिंह पर चाकू व लाठी-डंडे से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल अमरेश की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि मन्जेश का बीएचयू ट्रामा सेंटर में उपचार चल रहा है। मामले में रामकरन सिंह, गिरीश चन्द्र सिंह, सूरज सिंह, खुशी और शीला सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।


न्यायालय की अनुमति पर 26 सितंबर को पुलिस ने जिला कारागार मऊ से रामकरन सिंह और गिरीश चन्द्र सिंह, निवासी दोथ सोनाडीह, को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया। पूछताछ के बाद दोनों की निशानदेही पर दोथ गांव के पास विद्युत पोल के समीप कुश की झाड़ियों से दो चाकू बरामद किए गए। प्रभारी निरीक्षक उभांव दिनेश पाठक के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए पुनः जिला कारागार मऊ भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *