
26 सितम्बर को तेज आंधी और आकाशीय बिजली का अलर्ट, प्रशासन ने जारी की चेतावनी
बलिया। मौसम विभाग लखनऊ ने जनपद में 25 एवं 26 सितम्बर को तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान तेज हवाओं के साथ प्रदेश के कई हिस्सों में व्यापक वर्षा और आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है। इससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। मौसम खराब होने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से सतर्क रहने की अपील की है।



प्रशासन ने कहा है कि आंधी-बारिश के दौरान लोग सुरक्षित स्थानों पर रहें और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बचें। विशेष रूप से आकाशीय बिजली के दौरान पेड़, बिजली के खंभे और खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने आकाशीय बिजली से बचाव एवं इसकी जानकारी के लिए ‘दामिनी एप’ तथा मौसम संबंधी पूर्वानुमान के लिए ‘सचेत एप’ का प्रयोग करने की सलाह दी है। लोगों से अपील की गई है कि मौसम संबंधी चेतावनियों पर ध्यान दें और आवश्यक सावधानी बरतें। आपातकालीन स्थिति में जिला आपदा कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9454417979, टोल फ्री नंबर 1077 तथा पुलिस सहायता के लिए 112 पर संपर्क किया जा सकता है। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से मौसम को देखते हुए सतर्कता बरतने और सुरक्षित रहने की अपील की है।