
उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के साथ सम्पन्न हुआ सूर्योपासना का व्रत
कांच ही बांस की बहगिया…पारंपरिक गीत के साथ पहुंची व्रती महिलाएं

बलिया। सूर्योपासना का छठ महापर्व सोमवार को उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो गया। इस दौरान व्रती महिलाओं ने घाट पर अपने से बड़ों का पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद पारण के व्रत का समापन किया।

रविवार की सुबह महिलाओं ने स्नान करने के बाद निर्जला व्रत रखा। तत्पश्चात शाम को सोलहो श्रृंगार कर तालाब, सरोवर, नहर व नदी के किनारे टोली बनाकर पारंपरिक गीत कांच ही बांस के बहंगिया और उग हे सूरजदेव आदि गीत गाते हुए छठ घाट पहुंची। जहां वेदी की पूजन – अर्चन के साथ ही परिवार के मंगलमय की कामना की। तत्पश्चात डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया। वहीं सोमवार की भोर में तीन – चार बजे से स्नान करने के बाद सोलहो श्रृंगार करने के बाद पारंपरिक गीत गाती हुई छठ घाट पहुंची। जहां पूजन – अर्चन करने के बाद उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार के सुख – समृद्धि के लिए मनोकामना की। इसके बाद अपने से बड़ों का पैर छूकर आशीर्वाद लिया। तत्पश्चात घर पहुंचकर पारण कर व्रत समाप्त किया। वहीं सुरक्षा को लेकर नगर से लेकर ग्रामीण स्तर पर चाक चौबंद व्यवस्था रही।


छठा बिखेर रहे थे छठ घाट
शहर के रामलीला मैदान, लाटघाट, शनिचरी घाट, महावीर घाट गंगा तट, चंद्रशेखर नगर, आवास विकास कॉलोनी, सतनी सराय, कदम चौराहा, जीराबस्ती, हनुमानगंज, तीखमपुर, हाइड्रिल कालोनी के अलावा बहादुरपुर, अगरसंडा, मिड्ढा, भगवानपुर, देवरिया आदि स्थानों पर घाट को नगर पालिका, समितियों और प्रधानों द्वारा सजाया गया था। ऐसा प्रतीत हो रहा था कि मानो जमीन पर तारे उतर आए हो। वहीं ध्वनियंत्र से छठ गीत बज रहे थे। उधर, सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी और खुफिया विभाग की टीम अपने अपने क्षेत्र में चक्रमण करती रही।

पानी में खड़ा होकर व्रती महिलाओं ने की सूर्य की उपासना
लोक आस्था के पर्व डाला छठ के पावन पर्व पर मन्नत को लेकर व्रती महिलाएं के साथ ही दम्पति तालाब, सरोवर व नदी के पानी में खड़ा होकर सूर्य की उपासना की। इसके अलावा जिसकी मन्नत पूरी हुई उन दम्पतियों ने भी पानी में खड़े होकर भगवान भास्कर को प्रणाम कर परिवार की सुख समृद्धि के लिए कामना की।

घाटों पर अभिभावक संग बच्चों ने छोड़े पटाखे
छठ घाट पर अपने -अपने अभिभावकों संग पहुंचे बच्चों ने परिवार के सदस्यों के निगरानी में आतिशबाजी की। उधर नौजवानों ने भी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पटाखे फोड़े।

छठ घाटों पर समाजसेवियों द्वारा लगाए गए थे स्टाल
नगर से लेकर ग्रामीणांचलों के छठ घाटों पर समितियों व विभिन्न समाजसेवियों द्वारा चाय और पानी के स्टाल लगाए गए थे। व्रती महिलाओं के साथ आए परिजनों को समाजसेवियों द्वारा चाय व पानी पिलाया गया।