
बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों के आभूषण चोरी, सीसीटीवी में दिखे दो संदिग्ध
रिमझिम बारिश के बीच चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर घटना को दिया अंजाम



बलिया। शहर कोतवाली क्षेत्र के रामदहिनपुरम कॉलोनी में गुरुवार की देर रात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण पार कर दिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। फुटेज में दो संदिग्ध युवक रात में जाते दिखाई दे रहे हैं।



मूलरूप से दूबौली गांव निवासी सुनील दूबे का रामदहिनपुरम कॉलोनी में मकान है। वह झारखंड में नौकरी करते हैं, जबकि उनकी पत्नी मधु दूबे यहां रहती हैं। बताया गया कि गुरुवार शाम मधु घर में ताला बंद कर अपनी बीमार बहन को देखने वाराणसी चली गई थी। इसी दौरान देर रात रिमझिम बारिश के बीच चोर मुख्य गेट का ताला तोड़कर मकान के अंदर दाखिल हो गए। चोरों ने घर में रखी दो आलमारियों और एक अटैची को तोड़ दिया। एक आलमारी को नीचे गिराकर उसमें रखे सामान को खंगाला गया। चोर सोने का हार, दो चेन, चार अंगूठियां, कंगन, दो जोड़ी झुमके, करधनी समेत अन्य सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। पड़ोसियों से मकान का ताला टूटे होने की जानकारी मिलने पर मधु दूबे वाराणसी से वापस पहुंचीं। घर के अंदर सामान बिखरा देखकर उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच शुरू कर दी है। फुटेज में दो संदिग्धों के दिखाई देने के बाद पुलिस उनकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।