
करंट से मौत पर मुआवजा न मिलने पर डीएम ने पूर्व व वर्तमान लेखपाल-कानूनगो पर कार्रवाई के दिए निर्देश
सम्पूर्ण समाधान दिवस में 78 शिकायतें, नौ का मौके पर निस्तारण
बलिया। बांसडीह तहसील में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कुल 78 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें नौ का मौके पर निस्तारण किया गया।
ग्राम सूर्यपुरा निवासी ममता ने पति मिठाई लाल की विद्युत करंट से मौत के बावजूद आर्थिक सहायता नहीं मिलने की शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने पूर्व लेखपाल की रिपोर्ट की जांच कराने तथा पूर्व लेखपाल, वर्तमान लेखपाल और कानूनगो की भूमिका की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश एसडीएम को दिए।



वहीं, बांसडीह निवासी त्रिलोकी प्रसाद ने प्रधान पर निजी भूमि से रास्ता निकालने और कब्जे का प्रयास करने का आरोप लगाया। डीएम ने राजस्व अधिकारियों को मौके पर जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। सलोनी पांडेय की भूमि संबंधी शिकायत पर भी लेखपाल और कानूनगो को नियमानुसार कब्जा दिलाने को कहा गया। डीएम ने अधिकारियों को शिकायतों का मौके पर जाकर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।