वायना – निमिया पोखरा – अलावलपुर मार्ग गड्ढे में तब्दील, हादसे को दे रहा दावत

Spread the love

श्रवण कुमार पांडेय

वायना – निमिया पोखरा – अलावलपुर मार्ग गड्ढे में तब्दील, हादसे को दे रहा दावत

निबिया पोखरा चट्टी पर सदैव लगा रहता पानी व कीचड़

सरकारी व गैर सरकारी विद्यालयों के बच्चे जान हथेली पर रख करते आवागमन

डीएम व जनप्रतिनिधियों से शीघ्र सड़क बनवाने की ग्रामीणों ने की मांग

बलिया। वायना – निमिया पोखरा – अलावलपुर मार्ग पूरी तरीके से जर्जर हो चुका है। इस वाहन तो दूर पैदल चलना भी दुश्वार हो गया है। इस मार्ग पर इतने बड़े-बड़े गड्ढे हो चुके है। जिसमें जगह-जगह पानी स्टोर हो जाता है और लोग।गिरकर चोटिल हो जाते है। सबसे बुराहाल निबिया पोखरा चट्टी का है जहां करीब दो से तीन सौ मीटर तक पानी हमेशा लगा रहता है। इस मार्ग से पांच – छह सरकारी व गैर सरकारी विद्यालयों के बच्चे स्कूल आवागमन करते है। सबसे बड़ी बात यह है कि स्कूली बस कब पलट जाए इसका ठीक नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि क्या शासन – प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।

जानकारी के अनुसार वायना – निबिया पोखरा – अलावलपुर मार्ग पर तीन सरकारी और करीब तीन प्राइवेट विद्यालय संचालित होते हैं। जिनके बच्चे पैदल, साइकिल एवं स्कूली बस से आवागमन करते हैं। यही नहीं दुमदुमा गांव में दिव्यांग बच्चों के लिए कक्षा छठवीं से 12वीं तक का स्कूल भी संचालित होता है। इसके अलावा दर्जनों गांव के लोगों का आवागमन होता है। इसके साथ ही निबिया पोखरा चट्टी पर सोमवार और शुक्रवार को सब्जी का बाजार लगता है जहां लोग काफी संख्या में खरीदारी करने पहुंचते हैं। आलम यह है कि वहां पर स्थापित दुकानदारों की रोजी-रोटी सड़क खराब होने और पानी लगने के कारण छिन चुकी है। ग्रामीण बताते हैं कि सड़क पर इतने गड्ढे हो चुके है कि इस पर चलना दूभर हो गया है। स्कूली वाहन के चालक जान हथेली पर रखकर चलाते है। उनके पलटने की संभावना काफी रहती है। लेकिन चालक के सूझबूझ के चलते बच्चे सकुशल स्कूल व अपने घर पहुंच जाते हैं। यह दंश हम ग्रामीण छह – सात वर्षों से झेलते आ रहे है।

ग्रामीणों का कहना है कि कटरिया में हर घर-घर जल कल योजना के तहत व्यापक स्तर पर काम चल रहा है। जिसे देखने के लिए जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि इस मार्ग से आते जाते हैं। लेकिन उन्हें मार्ग दिखाई नहीं देता है। निबिया पोखरा, भीखमपुर, दुमदुमा, कटरिया, पकड़ी सहित आसपास के गांव के ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पूरी तरह से गड्ढा में तब्दील हो चुका है। अगर हल्की भी बारिश हो गई तो जान हथेली पर रखकर आवागमन करना पड़ता हैं। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधि व जिलाधिकारी का ध्यान आकर्षित कराते हुए अविलंब मार्ग का निर्माण कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *