
लूट का 25 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, चाकू व लूट के रुपये बरामद
बलिया। नरही थाना पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में लूट के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन, एक अवैध चाकू और लूट के 2,220 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ नरही थाने में दर्ज मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ाई गई है।



पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर 2026 को उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार मिश्रा हमराहियों के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नरही थाने में दर्ज धारा 310(2), 3(5) बीएनएस से संबंधित 25 हजार रुपये का इनामी आरोपी बैरिया मोड़ के पास खड़ा है और कहीं जाने की फिराक में है। सूचना पर उप निरीक्षक वीरेंद्र कुमार पाठक और उपनिरीक्षक अजय साहनी भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस टीम ने मुखबिर के बताए स्थान पर घेराबंदी कर छप्पर की आड़ में खड़े संदिग्ध को हिरासत में ले लिया।



पूछताछ में उसकी पहचान चन्द्र प्रकाश वर्मा उर्फ लड्डू सेठ (40) पुत्र रामेश्वर प्रसाद वर्मा, निवासी वार्ड नंबर 16, पीपी रोड, बंगला घाट, थाना बक्सर टाउन, जिला बक्सर (बिहार) के रूप में हुई। आरोपी के पास से रेडमी-9 मोबाइल, काले रंग का एक लावा मोबाइल, एक अवैध चाकू और 2,220 रुपये नकद बरामद हुए। आरोपी को अवैध चाकू बरामद होने के संबंध में धारा 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया।