रसड़ा में मां-बेटी की हत्या, घर में खून के निशान मिटाने की कोशिश

Spread the love

रसड़ा में मां-बेटी की हत्या, घर में खून के निशान मिटाने की कोशिश

घर में वारदात के बाद दिव्यांग लड़की का शव धान के खेत में फेंका, जांच में जुटी पुलिस

बलिया। खबर यूपी के बलिया से है जहां रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के सराय भारती (मुस्तफाबाद) गांव में गुरुवार सुबह मां-बेटी की हत्या से सनसनी फैल गई। दोनों के सिर पर भारी वस्तु से वार किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और डॉग स्क्वायड, एफएसएल तथा स्वाट- सर्विलांस की टीमों को भी जांच में लगाया गया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे गांव के चौकीदार ने फोन कर सूचना दी कि सराय भारती गांव में 65 वर्षीय मानती गुप्ता और उनकी करीब 22 वर्षीय दिव्यांग बेटी गौरी के शव पड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान प्रथम दृष्टया दोनों के सिर पर किसी भारी वस्तु से प्रहार किए जाने के निशान मिले हैं। बताया जा रहा है कि घर में रामचीज गुप्ता (70), उनकी पत्नी मानती गुप्ता (65) और उनकी दिव्यांग बेटी गौरी रहती थी। गौरी दृष्टिबाधित बताई जा रही है। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि वारदात के साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया गया है। घर में जहां खून के निशान थे, वहां धुलाई किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, घर के पास बनी छोटी बाउंड्री के पार एक चारपाई पड़ी मिली, जबकि गौरी का शव घर के पीछे स्थित धान के खेत में करीब 25-30 मीटर दूर किनारे पर पड़ा था। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि वारदात घर के अंदर हुई और बाद में शव को बाहर ले जाकर खेत में फेंका गया। घटना के बाद पुलिस ने घर में रहने वाले रामचीज गुप्ता से भी पूछताछ की है। पुलिस के अनुसार, परिवार की ओर से किसी से दुश्मनी या विवाद होने की जानकारी से इनकार किया गया है। हालांकि अभी घटना के कारण और हत्यारों के संबंध में स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है। इस बाबत पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। डॉग स्क्वायड, एफएसएल और स्वाट-सर्विलांस समेत कई टीमें साक्ष्य जुटाने में लगी हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत और चोटों की स्थिति और स्पष्ट होगी। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही घटना से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिलेंगे और वारदात का पर्दाफाश किया जाएगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *