



31 टैबलेट और 24 स्मार्टफोन का वितरण लंबित, डीएम ने जताई नाराजगी
डीएम का अल्टीमेटम: कल तक टैबलेट- स्मार्टफोन वितरण करें शून्य
एक सप्ताह बाद फिर होगी समीक्षा, डीएम ने वितरण शून्य करने के दिए निर्देश
बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को उनके कार्यालय कक्ष में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत जनपद स्तर पर अवशेष टैबलेट एवं स्मार्टफोन के वितरण को लेकर बैठक हुई। बैठक में जिले के महाविद्यालयों में अब तक वितरित किए जाने से शेष टैबलेट और स्मार्टफोन की समीक्षा की गई।



समीक्षा के दौरान सामने आया कि जनपद के छ: महाविद्यालयों में 31 टैबलेट तथा 12 महाविद्यालयों में 24 स्मार्टफोन का वितरण अभी शेष है। वितरण कार्य लंबित होने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों के प्रति कड़ी नाराजगी जताई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शेष टैबलेट और स्मार्टफोन का वितरण हर हाल में गुरुवार तक पूरा कर शून्य किया जाए। उन्होंने कहा कि योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों को समय से लाभ मिलना सुनिश्चित किया जाए और वितरण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि एक सप्ताह बाद पुनः वितरण कार्य की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अगली समीक्षा से पहले सभी अवशेष उपकरणों का वितरण सुनिश्चित कर लिया जाए। बैठक में सीआरओ गुलशन जी एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।