साइबर ठगी के 98 हजार रुपये पुलिस ने कराए वापस

Spread the love

साइबर ठगी के 98 हजार रुपये पुलिस ने कराए वापस


फोन हैक कर UPI के जरिए खाते से उड़ाई गई थी रकम


बलिया। साइबर ठगी का शिकार हुई नगरा क्षेत्र की महिला को पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क ने बड़ी राहत दिलाई है। तकनीकी जांच और पुलिस के सहयोग से ठगी के जरिए खाते से निकाली गई 98 हजार रुपये की पूरी रकम बरामद कराकर आवेदिका को वापस दिलाई गई। अपनी गाढ़ी कमाई वापस मिलने पर महिला ने नगरा पुलिस टीम के प्रति आभार जताया।


नगरा थाना क्षेत्र के परसरा जुड़न गांव निवासी समा प्रवीन पत्नी शेख अतिउल्लाह ने 26 अगस्त 2026 को साइबर ठगी की शिकायत NCRP पोर्टल पर दर्ज कराई थी। जिसमें बताया गया कि साइबर ठगों ने उनका फोन हैक कर धोखाधड़ी से UPI के माध्यम से 98 हजार रुपये स्थानांतरित कर लिए। शिकायत मिलते ही नगरा थाने की साइबर हेल्प डेस्क ने मामले की जांच शुरू कर दी। साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी उपनिरीक्षक संदीप कुमार और उनकी टीम ने तकनीकी विश्लेषण करते हुए रकम के लेनदेन से जुड़े खाते की जानकारी धारा 94 बीएनएसएस के तहत प्राप्त की। जांच में सामने आया कि रकम जिस खाते में पहुंची थी, उसका धारक उत्तराखंड का रहने वाला है।


इसके बाद नगरा पुलिस ने बिना देरी किए उत्तराखंड पुलिस के थाना फूलभट्टा से संपर्क किया। उत्तराखंड पुलिस की कार्रवाई में ठगी की रकम से जुड़े व्यक्ति से 98 हजार रुपये बरामद कर लिए गए। रकम बरामद होने की जानकारी मिलने पर नगरा पुलिस ने आवेदिका को सूचना दी। इसके बाद आवेदिका स्वयं उत्तराखंड पहुंचीं और अपनी रकम प्राप्त की। रकम वापस मिलने के बाद समा प्रवीन ने बलिया पुलिस और विशेष रूप से नगरा थाना साइबर हेल्प डेस्क की टीम की सराहना करते हुए आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *