
अमरेश हत्याकांड के फरार आरोपी का पुलिस ने फोटो किया जारी, 25000 का इनाम एसपी ने किया घोषित
बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के दोथ सोनाडीह गांव में 10 सितंबर को हुई अमरेश बहादुर सिंह की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी गिरीशचन्द्र सिंह पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस के अनुसार, दोथ सोनाडीह निवासी अमरेश बहादुर सिंह पुत्र स्व. जितेन्द्र सिंह की हत्या के मामले में उभांव थाने में मुकदमा अपराध संख्या 206/2026 दर्ज किया गया है। इसमें धारा 103(1), 109(1), 191(2), 191(3), 115(2), 352, 351(3) और 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।



मामले में दोथ सोनाडीह निवासी गिरीशचन्द्र सिंह पुत्र श्रीकान्त सिंह 11 सितंबर से वांछित चल रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके घर समेत अन्य संभावित ठिकानों पर कई बार दबिश दी गई, लेकिन वह हाथ नहीं लगा। आरोपी ने अभी तक न्यायालय में आत्मसमर्पण भी नहीं किया है। लगातार प्रयास के बावजूद गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह ने आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी की फोटो भी जारी की है, ताकि उसकी पहचान में लोगों की मदद मिल सके।



पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि आरोपी के संबंध में किसी को भी कोई सटीक जानकारी या सुराग मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। आरोपी की गिरफ्तारी में मददगार साबित होने वाली सटीक सूचना देने वाले व्यक्ति को नियमानुसार 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।