
नम आंखों से सिपाही परितोष मिश्रा को दी गई श्रद्धांजलि, राजकीय सम्मान के साथ शव प्रयागराज रवाना
बलिया। बांसडीह कोतवाली में तैनात रिक्रूट आरक्षी परितोष मिश्रा की मौत से पुलिस महकमे में शोक की लहर है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद जिला अस्पताल परिसर में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि दी। राजकीय सम्मान के साथ उनका पार्थिव शरीर पैतृक निवास प्रयागराज के लिए रवाना किया गया।

पुलिस के अनुसार, मूल रूप से प्रयागराज निवासी आरक्षी परितोष मिश्रा 13 सितंबर की रात कांस्टेबल शिवगोपाल पाल को उच्च न्यायालय इलाहाबाद जाने के लिए रेलवे स्टेशन बलिया छोड़ने गए थे। इसके बाद वापसी के दौरान उन्होंने बांसडीहरोड थाने में तैनात कुछ पुलिसकर्मियों के साथ भोजन किया। साथियों को बताया कि रात में उन्हें द्वितीय मोबाइल ड्यूटी पर जाना है और वहां से अपनी बाइक से रवाना हो गए। निर्धारित समय पर बांसडीह थाने में ड्यूटी पर नहीं पहुंचने पर उनकी तलाश शुरू की गई। पुलिसकर्मी उनकी जानकारी जुटाने के साथ संभावित स्थानों पर खोजबीन कर रहे थे। इसी दौरान 14 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के एक तालाब में उनका शव मिला। पास से उनकी मोटरसाइकिल भी बरामद हुई।



पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद जिला अस्पताल परिसर में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, क्षेत्राधिकारी बांसडीह, प्रतिसार निरीक्षक, प्रभारी निरीक्षक बांसडीह और थानाध्यक्ष बांसडीहरोड समेत पुलिसकर्मियों ने दिवंगत आरक्षी को श्रद्धांजलि दी। अधिकारियों और जवानों ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी। इसके बाद शव को उनके पैतृक निवास प्रयागराज के लिए रवाना कर दिया गया।