
श्रवण कुमार पांडेय
बलिया में युवक की पीट -पीटकर बदमाशों ने की हत्या
मालीपुर से बाजार के घर जा रहा था युवक, बदमाशों ने रास्ते में घटना को दिया अंजाम



बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के करनी नहर मार्ग पर भोजउपुर के पास सोमवार की शाम करीब सात बजे पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने युवक को लाठी डंडे से पीटकर हत्या कर दी और फरार हो गए। परिजन व राहगीरों ने पुलिस को सूचना देने के बाद युवक को सीएचसी सीयर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वही हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देना शुरू कर दिया है।



जानकारी के अनुसार उभाव थाना क्षेत्र के करनी निवासी उमेश चौरसिया (35) मालीपुर बाजार करने के बाद बाइक से करनी नहर मार्ग होते हुए घर जा रहे थे। जैसे ही भोजउपुर के पास पहुंचे कि पांच छह की संख्या में पहले घात लगाए बैठे हमलावरों ने उनके ऊपर लाठी डंडे से हमलाकर हत्या कर दिया। इसके बाद मौके से फरार हो गए। परिजन और राहगीर उसे आनन-फानन में सीयर सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीयर सीएचसी के चिकित्सक डॉ. आरबी चौहान ने बताया कि उमेश की अस्पताल आने से पहले ही मौत हो चुकी थी। घटना के पीछे यादव और चौरसिया बिरादरी के बीच पुरानी रंजिश बताई जा रही है। पीड़ित परिजनों द्वारा तहरीर दे दिया गया है। जिसके बाद पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है।