एक ही रात दो मंदिरों में चोरी, मां कमलेश्वरी भवानी का चांदी का मुकुट-करधनी ले गए चोर

Spread the love

श्रवण कुमार पांडेय

एक ही रात दो मंदिरों में चोरी, मां कमलेश्वरी भवानी का चांदी का मुकुट-करधनी ले गए चोर

अगरसंडा के मंदिर से भी घंटा चोरी, बाल अपचारी को अभिरक्षा में लेकर पुलिस कर रही पूछताछ, मंदिरों की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

बलिया। फेफना थाना क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात दो अलग-अलग गांवों के मंदिरों को निशाना बनाकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी है। मिड्ढा गांव स्थित गोरथाना के पोखरा पर मां कमलेश्वरी भवानी मंदिर से चोरों ने मां की चांदी का मुकुट और करधनी चोरी कर ली।वहीं, अगरसंडा गांव में पंचायत भवन के पास स्थित मंदिर से भी चोर घंटा उठा ले गए। सोमवार की सुबह दोनों घटनाओं की जानकारी होने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों स्थानों पर छानबीन शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार मिड्ढा गांव में गोरथाना के पोखरा पर स्थित मां कमलेश्वरी भवानी का मंदिर ग्रामीणों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। रविवार की रात किसी समय चोर मंदिर में घुसे और मां की प्रतिमा पर चढ़ा चांदी का मुकुट व करधनी चोरी कर फरार हो गए। सोमवार की सुबह मंदिर पहुंचे ग्रामीणों की नजर सामान गायब होने पर पड़ी तो इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना फेफना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मंदिर के आसपास छानबीन की। पुलिस ने ग्रामीणों से घटना के संबंध में जानकारी लेने के साथ ही चोरों के आने-जाने के संभावित रास्तों का भी पता लगाने का प्रयास किया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार पुलिस ने एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू की है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

उधर, इसी रात फेफना थाना क्षेत्र के अगरसंडा गांव में भी चोरी की दूसरी घटना सामने आई। पंचायत भवन के पास स्थित मंदिर को चोरों ने निशाना बनाया और वहां लगा घंटा चोरी कर लिया। सोमवार को ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। एक ही रात थाना क्षेत्र के दो अलग- अलग गांवों में मंदिरों को निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों में चिंता और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि धार्मिक स्थलों को लगातार निशाना बनाया जाना गंभीर मामला है। उनका आरोप है कि रात के समय मंदिरों और सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण चोरों के हौसले बढ़ रहे हैं। एक ही रात दो मंदिरों में चोरी की घटनाओं ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस दोनों घटनाओं की जांच में जुटी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और संदिग्ध लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। मंदिर से चोरी हुए सामान की बरामदगी और घटना में शामिल लोगों तक पहुंचने के लिए पूछताछ की जा रही है। ग्रामीणों ने जल्द चोरी का खुलासा कर सामान बरामद करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *