
बनरही में ब्रांच मैनेजर पर जानलेवा हमला, 1.10 लाख की छिनैती
तीन नामजद समेत दो-तीन अज्ञात के खिलाफ दी तहरीर, जांच में जुटी पुलिस

बलिया। सुखपुरा थाना क्षेत्र के बनरही गांव में रविवार की रात ग्लैक्सी हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी के बलिया शाखा प्रबंधक पर लाठी-डंडों से हमला कर करीब 1.10 लाख रुपये छीनने का मामला सामने आया है। घटना में घायल शाखा प्रबंधक ने तीन नामजद समेत दो-तीन अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


बनरही गांव निवासी सुरेंद्र कुमार के अनुसार, वह रविवार रात करीब सवा आठ बजे बाइक से बलिया से अपने घर लौट रहे थे। गांव के बीच मूंजवानी के पीछे छिपे अमन यादव पुत्र राम अवतार यादव, मोहित यादव पुत्र श्रीराम यादव, नीरज यादव पुत्र राम अवतार यादव और दो-तीन अज्ञात लोगों ने उनकी बाइक रोक ली। आरोप है कि इसके बाद सभी ने लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया।


पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की धमकी देते हुए उनकी जेब और बाइक की डिक्की में रखे करीब 1.10 लाख रुपये निकाल लिए और फरार हो गए। मारपीट में गंभीर चोट लगने से सुरेंद्र सड़क पर गिर पड़े। घटना की जानकारी होने पर उनके पिता शिवनारायण, बेटी खुशी समेत परिवार के अन्य लोग मौके पर पहुंचे और घायल को जिला अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। घायल शाखा प्रबंधक ने नामजद आरोपियों के साथ ही दो-तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।