
नहाने गए युवक का पानी में मिला शव, परिवार में मचा कोहराम
बलिया। बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के केवटालिया-देवडीह गांव के बीच दहताल स्थित भेड़ी नाला पुल के पास रविवार को पानी में युवक का शव उतराया मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान देवडीह निवासी बंगाली राजभर उर्फ मंटू 22 वर्ष के रूप में हुई। शव मिलने की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।



जानकारी के अनुसार बंगाली राजभर शनिवार शाम भेड़ी नाला पुल के पास नहाने गया था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। देर शाम तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला। इसकी सूचना पुलिस को भी दी गई। गांव के गोताखोरों और स्थानीय लोगों ने शनिवार देर शाम से ही पानी में उसकी तलाश शुरू कर दी थी। रविवार सुबह भी खोज अभियान जारी रहा। इसी दौरान पुल के दूसरे पाए के पास पानी में युवक का शव दिखाई दिया। गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। प्रथम दृष्टया मौत नहाने के दौरान पानी में डूबने से होने की आशंका जताई जा रही है।

चार साल पहले मां की हुई थी मौत, बहन भी तीन साल से लापता
बंगाली अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनें थीं। करीब चार वर्ष पहले उसकी मां की मौत हो गई थी, जबकि छोटी बहन भी करीब तीन वर्ष पूर्व घर से लापता हो गई थी, जिसका अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। ऐसे में बंगाली की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।