
दिवंगत शिक्षक के परिवार को टीएससीटी देगी 50 लाख से अधिक की आर्थिक सहायता
15 सितंबर से शुरू होगी सहयोग की प्रक्रिया, जिले की टीम ने घर पहुंचकर पूरी की औपचारिकताएं
बलिया। जिले के बेरुआरबारी ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय बभनौली में तैनात रहे दिवंगत शिक्षक राकेश कुमार सिंह के परिवार को टीचर्स सेल्फ केयर टीम (टीएससीटी) आर्थिक सहारा देगी। संगठन की ओर से उनकी पत्नी निशा सिंह को इस पखवारे 50 लाख रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। सहायता प्रक्रिया को लेकर टीएससीटी की जिला टीम शनिवार शाम कैथवली स्थित दिवंगत शिक्षक के आवास पर पहुंची और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराईं। टीचर्स सेल्फ केयर टीम प्रदेश के शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का संगठन है, जो अपने किसी सदस्य के निधन के बाद उसके परिवार की आर्थिक मदद करता है। संगठन से प्रदेश में चार लाख 25 हजार से अधिक सदस्य जुड़े हैं। पिछले माह प्रदेश के 20 दिवंगत सदस्यों के परिवारों को 50-50 लाख रुपये से अधिक की सहायता उपलब्ध कराई गई थी। इसी क्रम में इस माह 15 सितंबर से आर्थिक सहयोग की प्रक्रिया दोबारा शुरू होगी। संगठन के अनुसार इस बार भी प्रदेश के करीब 80 प्रतिशत सदस्य प्रत्येक दिवंगत सदस्य के परिवार को 15 रुपये 50 पैसे का सहयोग करेंगे। इस माह जारी होने वाली सहायता सूची में दिवंगत शिक्षक राकेश कुमार सिंह की पत्नी निशा सिंह का नाम भी शामिल है। सदस्यों के सामूहिक सहयोग से उन्हें 50 लाख रुपये से अधिक की राशि उपलब्ध कराई जाएगी।



परिवार को हर संभव मदद का भरोसा
शनिवार को टीएससीटी की जिला टीम दिवंगत शिक्षक के घर पहुंची। पदाधिकारियों ने राकेश कुमार सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उनकी मां देवमुनी देवी, पिता शिवजी सिंह, पत्नी निशा सिंह और 14 वर्षीय जुड़वा पुत्रों सानिध्य व साहित्य सिंह को ढाढ़स बंधाया। टीम ने आर्थिक सहायता की प्रक्रिया के लिए बैंक खाता संख्या समेत आवश्यक दस्तावेज भी प्राप्त किए। इस दौरान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विवेकानंद ने फोन पर निशा सिंह से बातचीत कर उन्हें भरोसा दिलाया कि संगठन परिवार के साथ हर परिस्थिति में खड़ा रहेगा और भविष्य में भी हरसंभव सहयोग किया जाएगा। इस मौके पर सतीश सिंह, चंद्रशेखर पासवान, सतीश मेहता, लालजी यादव, संजय कन्नौजिया, विजय राय, दिनेश वर्मा, अरुण सिंह, अभयजीत सिंह, उमेश कन्नौजिया, जितेन्द्र प्रताप सिंह, संजय दूबे, व्यासमुनि यादव, शैलेन्द्र यादव, संजय यादव, अजय पांडे, शैलेन्द्र सिंह, विजय शर्मा, विनय सिंह और बसंत साहनी आदि मौजूद रहे।

जिले के आठ परिवारों को मिल चुकी है मदद
टीएससीटी अब तक प्रदेश के 636 दिवंगत शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध करा चुकी है। इनमें बलिया जिले के भी आठ परिवार शामिल हैं। संगठन की ओर से सत्येन्द्रनाथ त्रिपाठी (सरयां डीहू भगत, बिल्थरारोड), अशोक यादव (जिगड़ीसर, मनियर), लालजी राम (छितौना मालीपुर, नगरा), दिनेश कुमार दूबे (निपनिया, मनियर), राजकुमार पांडे (बांसडीह), रिंटू राय (संदवापुर, पंदह), सुरेन्द्रनाथ सिंह (शिवपुर, बसंतपुर) और शाहनवाज अहमद (पिपरौली-बड़ागांव, सीयर) के परिजनों को भी सहायता दी जा चुकी है।