मासिक धर्म के दौरान रखे स्वच्छता और बरते सावधानी, छात्राओं को किया गया जागरूक

Spread the love

मासिक धर्म के दौरान रखे स्वच्छता और बरते सावधानी, छात्राओं को किया गया जागरूक

मासिक धर्म एक सामान्य प्राकृतिक प्रक्रिया, न करे झिझक न संकोच: डॉ माथुर


बलिया। प्राथमिक विद्यालय हनुमानगंज में शनिवार को बालिकाओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को मासिक धर्म से जुड़ी आवश्यक जानकारी देते हुए इस दौरान साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई।


‘नई उमंग’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में डॉ. नीरू माथुर ने बालिकाओं से संवाद करते हुए मासिक धर्म के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मासिक धर्म एक सामान्य प्राकृतिक प्रक्रिया है, इसलिए इसे लेकर किसी प्रकार की झिझक या संकोच नहीं होना चाहिए। इस दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है।


उन्होंने बालिकाओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित सैनिटरी पैड के प्रयोग, समय-समय पर पैड बदलने तथा इस्तेमाल किए गए पैड का उचित तरीके से निस्तारण करने की जानकारी दी। साथ ही हाथों की साफ-सफाई, स्वच्छ पानी के इस्तेमाल और शरीर की नियमित सफाई पर भी जोर दिया गया। बालिकाओं को यह भी बताया गया कि मासिक धर्म के दौरान पौष्टिक भोजन लेने, पर्याप्त पानी पीने और आराम करने से शरीर को स्वस्थ रखने में मदद मिलती है। कार्यक्रम में बालिकाओं ने मासिक धर्म से संबंधित अपनी जिज्ञासाएं भी रखीं, जिनका डॉ. नीरू माथुर ने सहजता से समाधान किया। उन्होंने बालिकाओं से कहा कि किसी भी तरह की असामान्य परेशानी होने पर उसे छिपाने के बजाय अभिभावक अथवा स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सलाह लेनी चाहिए। इस अवसर पर मंजू मौर्य, श्यामदुलारी सहित विद्यालय की अन्य शिक्षिकाएं एवं बालिकाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *