पाटीदारों के विवाद में चाकूबाजी, एक भाई की मौत, दूसरा गंभीर

Spread the love

श्रवण कुमार पांडेय

पाटीदारों के विवाद में चाकूबाजी, एक भाई की मौत; दूसरा गंभीर


बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के सोनाडीह (दोथ) गांव में गुरुवार की रात पाटीदारों के बीच हुए विवाद में चाकूबाजी की घटना से सनसनी फैल गई। हमले में दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान एक भाई की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर होने पर उसे बीएचयू वाराणसी रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले में नामजद पांच आरोपियों में से तीन को हिरासत में ले लिया है, जबकि दो अन्य की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं।


बताया जा रहा है कि 10 सितंबर की रात करीब 10 बजे सोनाडीह गांव में अमरेश बहादुर सिंह पुत्र स्व. जितेंद्र सिंह और उनके भाई मंजेश सिंह का अपने पाटीदार रामकरण सिंह के परिवार के लोगों से विवाद हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रामकरण सिंह किसी बात को लेकर गाली-गलौज कर रहे थे। इसी दौरान अमरेश और मंजेश ने उन्हें समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी बीच रामकरण सिंह और उसके परिवार के अन्य सदस्यों ने दोनों भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सीएचसी उभांव (सियर) पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए मऊ रेफर कर दिया गया। मऊ में इलाज के दौरान अमरेश बहादुर सिंह की मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल मंजेश सिंह को बेहतर उपचार के लिए बीएचयू वाराणसी भेज दिया गया। घटना की सूचना के बाद पुलिस के उच्चाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।

मृतक अमरेश बहादुर सिंह की पुत्री की तहरीर पर पुलिस द्वारा सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार मामले में नामजद पांच आरोपियों में से घटना में संलिप्त तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। शेष दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें लगाई गई हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में शांति व्यवस्था कायम है। इस बाबत अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और फरार दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *