
बलिया में दिव्यांगजनों के लिए 10 से 17 सितंबर तक चिह्नांकन शिविर
व्हीलचेयर से मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल तक, दिव्यांगजनों को मिलेगा सरकारी लाभ
बलिया। दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण एवं कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में तहसील स्तर पर वृहद चिह्नांकन शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बताया कि इन शिविरों के माध्यम से पात्र दिव्यांगजनों का चिह्नांकन कर उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। शिविरों का आयोजन सुबह 11 बजे से दोपहर 03 बजे तक किया जाएगा। तहसीलवार शिविरों की तिथि और संबंधित विकासखंड निर्धारित कर दिए गए हैं। जिसमें 10 सितंबर को तहसील बैरिया— बैरिया एवं मुरलीछपरा विकासखंड, 11 सितंबर को तहसील बाँसडीह—रेवती, बाँसडीह एवं मनियर विकासखंड, 14 सितंबर को तहसील बलिया सदर—बेलहरी,हनुमानगंज, सोहांव एवं दुबहड़ विकासखंड, 15 सितंबर तहसील सिकन्दरपुर— नवानगर एवं पन्दह विकासखंड, 16 सितंबर को तहसील बेल्थरारोड—सीयर एवं नगरा विकासखंड, 17 सितंबर को तहसील रसड़ा— रसड़ा एवं चिलकहर विकासखंड इन उपकरणों का मिलेगा लाभ चिह्नांकन के बाद पात्र दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण योजना के तहत व्हीलचेयर, ट्राईसाइकिल, बैसाखी, श्रवण यंत्र, वाकर, अंध छड़ी, कैलिपर्स तथा कृत्रिम हाथ-पैर उपलब्ध कराए जाएंगे।



इसके अलावा शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत 16 वर्ष से अधिक आयु की दिव्यांग छात्राओं के लिए ई -ट्राईसाइकिल योजना तथा 80 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले पात्र व्यक्तियों के लिए मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल योजना का भी लाभ दिया जाएगा। शिविर में पहुंचने वाले दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, चिकित्सक की संस्तुति और नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना होगा। आय प्रमाण पत्र के लिए ग्रामीण क्षेत्र में वार्षिक आय 46,080 रुपये तथा शहरी क्षेत्र में 56,460 रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। पात्र लाभार्थी योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, उत्तर प्रदेश की वेबसाइट पर भी कर सकते हैं। उन्होंने अपील की है कि घर, पड़ोस और गांव में रहने वाले जरूरतमंद दिव्यांगजनों तक शिविर की जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि कोई पात्र व्यक्ति सरकारी सहायता से वंचित न रह जाए।