नौ महीने बाद परिवार से मिला रेहान, चेहरे पर लौटी खुशी

Spread the love

नौ महीने बाद परिवार से मिला रेहान, चेहरे पर लौटी खुशी
सागर सिंह राहुल के सहयोग से पूर्णिया के परिवार से हुआ बिछड़ा बालक का मिलन


बलिया। करीब नौ महीने से परिवार से बिछड़े रेहान को आखिरकार अपनों का साथ मिल गया। उत्तर प्रदेश के बलिया में मिले पूर्णिया निवासी मु. रेहान को सामाजिक सहयोग से उसके परिजनों तक पहुंचाया गया। सोमवार को रेहान के बलिया में मिलने की सूचना जैसे ही परिवार को मिली, उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। साधनों के अभाव के बावजूद रेहान की नानी और मौसी करीब 48 घंटे का सफर तय कर बलिया पहुंचीं और उसे देखते ही गले लगा लिया।


बताया जाता है कि बिहार के पूर्णिया जिले के भवानीपुर निवासी मु. रेहान के पिता का निधन हो चुका है। इसके बाद उसकी मां रेहान को लेकर दिल्ली चली गई थीं, जहां वह लोगों के घरों में घरेलू काम करके अपने और बच्चों का भरण-पोषण करती थीं। इसी बीच जनवरी 2025 में रेहान घर से निकल गया और भटकते हुए परिवार से दूर हो गया। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने दिल्ली के थाने में इसकी सूचना देकर रिपोर्ट दर्ज कराई। लंबे समय तक कोई जानकारी न मिलने से परिवार निराश हो गया था।


इसी बीच सोमवार को परिजनों को फोन पर सूचना मिली कि रेहान नाम का एक बच्चा बलिया में मिला है। यह खबर मिलते ही परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। साधन की कमी के बावजूद रेहान की नानी और मौसी बलिया के लिए रवाना हुईं और करीब 48 घंटे बाद यहां पहुंचकर रेहान को अपने साथ ले गईं। रेहान के परिवार से मिलने तक सागर सिंह राहुल और उनके परिवार के साथियों ने उसकी देखभाल की और उसे अपनापन दिया। अपनों के बीच पहुंचकर रेहान भी बेहद खुश नजर आया। विदा होने के दौरान रेहान के परिजनों ने सागर सिंह राहुल के परिवार और सहयोगी साथियों के प्रति आभार जताया तथा उन्हें ढेरों दुआएं दीं। नौ महीने बाद हुए इस मिलन ने वहां मौजूद लोगों को भी भावुक कर दिया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *