नंदीग्राम मेले में बाहर से आ रहे पशु व्यापारियों से पुलिस कर रही वसूली, सिटी मजिस्ट्रेट द्वारा जारी पत्र को पुलिस बता रही फर्जी

Spread the love

नंदीग्राम मेले में बाहर से आ रहे पशु व्यापारियों से पुलिस कर रही वसूली, सिटी मजिस्ट्रेट द्वारा जारी पत्र को पुलिस बता रही फर्जी

फेफना पुलिस व डायल 112 पर वसूली का पशु व्यापारियों ने लगाया आरोप

पुलिस पर एसपी ने नहीं लगाई रोक तो नंदीग्राम मेले की रौनक हो सकती है फीकी

व्यापारी बोले : जिला प्रशासन व नपा कर रही सहयोग, पुलिस कर रही उत्पीड़न

गड़वार थाना क्षेत्र में जाकर फेफना पुलिस ने की वसूली

रिर्पोट : श्रवण कुमार पांडेय

बलिया। महर्षि भृगु मुनि के शिष्य के नाम पर लगने वाले ऐतिहासिक ददरी मेले के नंदीग्राम मेले में रौनक बढ़ने के बजाय फीकी होती नजर आ रही है। कारण कि नंदीग्राम मेले में बाहर से पधार रहे पशु व्यापारियों का जनपदीय व पड़ोसी जनपद की पुलिस उत्पीड़न करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही है। नंदीग्राम मेले में आ रहे पशु व्यापारी इनके लिए दुधारू गाय बन चुके है। इसमें डायल 112 पुलिस एक कदम आगे है। पशु व्यापारियों ने बताया कि सिटी मजिस्ट्रेट द्वारा जारी रसीद को पुलिस फर्जी बताकर वसूली कर रही है। सवाल यह उठता है कि क्या सिटी मजिस्ट्रेट द्वारा जारी रसीद फर्जी है अगर नहीं तो फिर व्यापारियों का शोषण तत्काल बंद किया जाय। पशु व्यापारियों ने जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक से पुलिस द्वारा किए जा रहे उत्पीड़न पर अविलंब रोक लगाने की मांग की है।


अयोध्या से पधारे पशु व्यापारी राजू ने बताया कि अंबेडकर नगर से बछिया को लेकर नंदीग्राम मेले के लिए चला था। सबसे पहले अंबेडकर नगर पुलिस ने जबरिया वसूली किया। इसके बाद जैसे ही पूर्वांचल एक्सप्रेस वे से गाजीपुर बॉर्डर पर उतरा वैसे ही पहले से खड़ी डायल 112 पुलिस ने रोककर जबरिया 500 रुपए की वसूली की। तब जाकर हमें और हमारे बछिया को छोड़ा। जबकि हमने सिटी मजिस्ट्रेट द्वारा जारी रसीद को दिखाया। जिसे डायल 112 ने फर्जी बताया। अयोध्या से बछिया को लेकर नंदीग्राम मेले में आए ओमकार यादव ने बताया कि जैसे ही फेफना चौराहे पहुंचा वैसे ही फेफना पुलिस ने रोक दिया। इसके बाद मैने सिटी मजिस्ट्रेट द्वारा जारी रसीद को दिखाया। जिसे पुलिस ने फर्जी बताकर गड़वार वाले मार्ग से जाने को कहा।

इसके बाद आगे नारायणपाली गांव के पास बाइक पर सवार दोनों सिपाही घेर कर रोक दिया और जबरिया 3000 रुपए की वसूली किया। तब जाकर हमारी गाड़ी को छोड़ा। तत्पश्चात हम नंदीग्राम मेले में बछिया को लेकर आ पाए। इसी प्रकार अन्य व्यापारियों ने भी अपनी अपनी पीड़ा सुनाई। एक स्वर से कहा कि अगर पुलिस उत्पीड़न बंद नहीं किया गया तो बाहर से आने वाले अन्य पशु व्यापारियों को आने से मना कर देंगे। उन्होंने मांग किया कि पुलिस उत्पीड़न तत्काल प्रभाव से बंद किया जाय। जिससे नंदीग्राम मेले की रौनक बढ़ सके। कहा कि अभी तो गैर जनपद के व्यापारियों के पुलिस यह बर्ताव कर रही है तो गैर प्रांत से आने वाले व्यापारियों के साथ क्या करेंगे। इस बाबत सिटी मजिस्ट्रेट आशा राम वर्मा ने बताया कि मेरी जानकारी में है कि फेफना पुलिस ने नो इंट्री वाले स्थान पर रोका है। मुझे पशु व्यापारियों से रकम वसूलने की जानकारी नहीं है। अगर इस तरह का मामला है तो पुलिस अधिक्षक से मिलकर उत्पीड़न पर रोक लगाने के लिए बात होगी। व्यापारियों का किसी भी प्रकार से उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *