बैंक की महिला कर्मचारी ने ब्रांच मैनेजर और क्लस्टर हेड पर दर्ज कराया मुकदमा

Spread the love

बैंक की महिला कर्मचारी ने ब्रांच मैनेजर और क्लस्टर हेड पर दर्ज कराया मुकदमा


अश्लील हरकत, दबाव बनाने और धमकी देने का लगाया आरोप, जांच में जुटी पुलिस

आरोपी ब्रांच मैनेजर के साथ ही महिला कर्मचारी को बैंक प्रबंधन ने हटाया


बलिया। गड़वार थाना क्षेत्र के रतसर कस्बे में संचालित एक निजी बैंक की महिला कर्मचारी ने अपने ही बैंक के ब्रांच मैनेजर और क्लस्टर हेड के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। महिला कर्मचारी ने ब्रांच मैनेजर पर देर रात तक मोबाइल पर मैसेज कर परेशान करने, गलत काम के लिए दबाव बनाने, अश्लील हरकत करने और धमकी देने का आरोप लगाया है। वहीं क्लस्टर हेड पर मैनेजर का साथ देने और नौकरी से निकालने की धमकी देकर दबाव बनाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


बताया गया कि निजी बैंक में रिलेशनशिप ऑफिसर के पद पर कार्यरत युवती ने गड़वार पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि ब्रांच मैनेजर अखोरी कुनाल रंजन सिन्हा उसे देर रात करीब 12 बजे तक मोबाइल पर मैसेज भेजकर परेशान करता था। आरोप है कि वह उस पर गलत काम के लिए दबाव बनाता था और अश्लील हरकतें भी करता था।
महिला कर्मचारी के अनुसार, तीन सितंबर को वह फील्ड में मीटिंग के लिए गई थी। इसी दौरान ब्रांच मैनेजर भी उसके पीछे वहां पहुंच गया। आरोप है कि उसने महिला कर्मचारी की स्कूटी छोड़कर अपनी बाइक पर बैठने का दबाव बनाया। जब उसने बाइक पर बैठने से इनकार कर दिया तो मैनेजर ने कथित तौर पर रास्ते से उठवा लेने और जबरदस्ती करने की धमकी दी। इससे भयभीत होकर महिला ने अपने भाई को मौके पर बुलाया और उसके साथ घर चली गई। महिला कर्मचारी ने पुलिस को बताया कि उसने इस पूरे मामले की जानकारी पहले ही बैंक के क्लस्टर हेड (सीएच) शशांक वर्मा को दी थी। आरोप है कि क्लस्टर हेड ने भी उसका साथ देने के बजाय कहा कि मैनेजर जैसा कर रहा है, वैसा ही करो, नहीं तो नौकरी चली जाएगी। महिला के मुताबिक घटना के बाद से वह तीन दिनों से ड्यूटी पर नहीं जा रही है।


उधर, क्लस्टर हेड शशांक वर्मा ने महिला कर्मचारी द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। वहीं सीओ सिटी सतीश कुमार शर्मा ने बताया कि गड़वार थाने में बैंक की महिला कर्मचारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की तहकीकात की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मुकदमा दर्ज होने के बाद बैंक प्रबंधन भी सक्रिय हो गया है। बैंक से जुड़े लोगों के अनुसार आरोपी ब्रांच मैनेजर के साथ ही महिला कर्मचारी को भी शाखा से हटा दिया गया है। बुधवार को नए ब्रांच मैनेजर रितेश कुमार ने कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने बताया कि उन्हें अस्थायी तौर पर शाखा की जिम्मेदारी देकर भेजा गया है। प्रकरण के संबंध में उन्होंने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *