
25 हजार का इनामी जालसाज गिरफ्तार, फर्जी दस्तावेज व डिजिटल धोखाधड़ी के मामले में था वांछित
बलिया। वित्तीय धोखाधड़ी, जालसाजी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और डिजिटल जालसाजी के मामले में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया।






पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर को प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए भ्रमणशील थे। इसी दौरान मिड्ढी चौराहे पर मुखबिर से सूचना मिली कि कोतवाली में दर्ज मुकदमे से संबंधित 25 हजार रुपये का इनामी अभियुक्त अक्षयवर नाथ तिवारी क्रासिंग से पहले ओवरब्रिज तिराहा से महुवा मोड़ की ओर जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की और महुवा मोड़ के पास से अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अक्षयवर नाथ तिवारी पुत्र स्व. रघुवंश तिवारी, निवासी बजहा, थाना बांसडीह रोड, जनपद बलिया, उम्र करीब 55 वर्ष के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ कोतवाली थाने में बीएनएस की धारा 319(2), 318(4), 318(3), 336(2), 337, 338, 336(3), 340(1), 340(2), 316(5) और 61(2) के तहत कार्रवाई की गई है। अभियुक्त लंबे समय से वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया।