
सिकंदरपुर में 76 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, डीएम ने दी सुखी जीवन की शुभकामनाएं
बलिया। सिकंदरपुर के गांधी इंटर कॉलेज में शनिवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। मंत्रोच्चार के बीच जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने समारोह का शुभारंभ किया। इस दौरान 76 वर-वधुओं ने विवाह बंधन में बंधकर नए जीवन की शुरुआत की। डीएम ने नवदंपतियों का पुष्प अर्पित कर स्वागत किया और सुखमय वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।
जिलाधिकारी ने कहा कि विवाह के बाद दंपती आपसी प्रेम, विश्वास और सहयोग के साथ जीवन की नई पारी शुरू करें। उन्होंने कहा कि बेटियों को बोझ समझने के बजाय उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना चाहिए। सरकार आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए कई योजनाएं चला रही है, पात्र लोग उनका लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनें।







उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत वधू के खाते में 64 हजार रुपये डीबीटी के माध्यम से भेजे जाएंगे। इसके अलावा करीब 21 हजार रुपये की सामग्री और 15 हजार रुपये टेंट व भोजन जैसी व्यवस्थाओं पर खर्च किए जाते हैं। योजना के तहत प्रति विवाह एक लाख रुपये का प्रावधान है। नवदंपतियों को 27 प्रकार की घरेलू उपयोग की सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी। डीएम ने नवदंपतियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पौधा शादी की यादगार के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए भी उपयोगी साबित होगा। समारोह में सीडीओ आलोक कुमार, डीडीओ आनंद प्रकाश, वरिष्ठ कोषाधिकारी आनंद दुबे, जिला प्रोबेशन अधिकारी अमरेंद्र कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण विभाग के रमेश कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे