
वाराणसी खंड स्नातक चुनाव को लेकर सपा ने कसी कमर, जीत की रणनीति पर हुआ मंथन
बलिया। वाराणसी खंड स्नातक विधान परिषद निर्वाचन को लेकर समाजवादी पार्टी ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को सपा के जिला कार्यालय पर वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इसमें चुनाव की तैयारियों और संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने की रणनीति पर विस्तार से मंथन किया गया।



बैठक को संबोधित करते हुए वाराणसी खंड स्नातक से वर्तमान विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा ने कहा कि उन्होंने विधान परिषद से लेकर सड़क तक युवाओं, छात्रों, शिक्षकों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों समेत समाज के विभिन्न वर्गों के मुद्दों को लगातार उठाया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक स्नातक मतदाताओं से संपर्क स्थापित कर चुनावी अभियान को मजबूती देने का आह्वान किया।
बैरिया विधायक जयप्रकाश अंचल ने कहा कि यह चुनाव केवल किसी व्यक्ति के निर्वाचन का नहीं, बल्कि युवाओं, छात्रों, शिक्षकों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों की आवाज को मजबूत करने का चुनाव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और जनहित के संघर्षों को मतदाताओं तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर सपा चुनाव में मजबूती से अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगी।
बैठक में मतदाता संपर्क अभियान तेज करने, संगठनात्मक स्तर पर जिम्मेदारियां तय करने और क्षेत्रवार जनसंपर्क अभियान चलाने पर भी चर्चा हुई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।



बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संग्राम सिंह यादव ने की, जबकि संचालन महासचिव बीरबल राम ने किया। इस दौरान डॉ. विश्राम यादव, यशपाल सिंह, आद्या शंकर यादव, रंजीत चौधरी, अरविंद गिरी, सुशील पांडेय कान्हजी, रामजी गुप्ता, चंद्रशेखर सिंह, विजय शंकर यादव, शशिकांत चतुर्वेदी, संतोष गर्ग, राजन कन्नौजिया, रामेश्वर पासवान, रविंद्र यादव, जमाल आलम, अनिल राय, जुबेर सोनू, दशरथ यादव, रामनाथ पटेल, सुरेश यादव, विनय गौड़, धनजी यादव, सर्वजीत यादव, सुभाष यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।