

साथियों संग सरयू की बाढ़ में नहाने गए युवक की डूबने से मौत, गांव में मचा कोहराम
बलिया। सरयू नदी के छाड़न में आई बाढ़ के पानी में साथियों संग नहाने गए युवक की डूबने से मौत हो गई। हादसा शुक्रवार को मनियर थाना क्षेत्र के निपनिया गांव में हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार निपनिया गांव निवासी जमशेद अहमद (16) पुत्र खुर्शीद अहमद अपने साथी अहमद और नियाज के साथ गांव के उत्तर दिशा स्थित कोल में बाढ़ के पानी में नहाने गया था। तीनों युवक पानी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान जमशेद अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।




जमशेद को डूबता देख उसके साथियों ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई। आवाज सुनकर आसपास भैंस चरा रहे चरवाहे मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद जमशेद को पानी से बाहर निकाला। ग्रामीणों और परिजनों की मदद से उसे तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनियर ले जाया गया, जहां आयुष चिकित्सक डॉ. उग्रसेन ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।