बलिया में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की तैयारी तेज, घर-घर जन्मेंगे कान्हा, बजेगी बधाई

Spread the love

बलिया में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की तैयारी तेज, घर-घर जन्मेंगे कान्हा, बजेगी बधाई

बलिया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। घरों में जहां कान्हा की झांकी सजाने की तैयारी हो रही है, वहीं विभिन्न कमेटियों की ओर से पंडाल बनाकर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाने की तैयारी की जा रही है। शुक्रवार की देर रात कान्हा का जन्म होगा और बधाई बजेगी।

प्रत्येक वर्ष भाद्रपद कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को कान्हा का जन्मोत्सव नगर से लेकर ग्रामीणांचलों के प्रत्येक घरों में मनाया जाता है। इसी क्रम में चार सितंबर को घर-घर भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर श्रद्धालु व्रत रखकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगे। कान्हा की झांकी सजाने के लिए लोगों ने राधा-कृष्ण के विभिन्न स्वरूपों की मूर्तियों के साथ ही सजावट के सामानों की खरीदारी शुरू कर दी है।


नगर के पुलिस लाइन, शहर कोतवाली सहित जिले के सभी थानों और पुलिस चौकियों में भी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की तैयारियां की जा रही हैं। वहीं जिला कारागार में इस अवसर पर मुरलीधर का जन्मोत्सव की खानापूर्ति की जाएगी। जबकि जीआरपीएफ व आरपीएफ द्वारा आवास परिसर में धूमधाम से मनाया जाएगा। नगर से सटे मिड्ढा गांव में आकर्षक झांकी सजाई जा रही है। इसके अलावा सुखपुरा थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव में विभिन्न कमेटियों द्वारा पंडाल तैयार कर कान्हा की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी।जन्माष्टमी की रात भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के बाद महिलाएं पारंपरिक सोहर गीत गाएंगी। इसके बाद आरती और प्रसाद वितरण किया जाएगा, जिसके बाद व्रती श्रद्धालु पारण करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *