
जानलेवा हमला मामले में 25 हजार रुपये का इनामी आरोपी गिरफ्तार
बलिया। थाना कोतवाली पुलिस ने जानलेवा हमला करने के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया।



पुलिस के अनुसार, 23 मार्च 2026 को कोतवाली थाने में एक तहरीर दी गई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि एक युवक अपने मित्र के साथ बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान कालिंदी पांडेय की गली में कुछ लोगों ने लाठी-डंडे और चाकू से जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

इसी क्रम में शुक्रवार को कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह, उपनिरीक्षक नीरज कुमार वर्मा, सुखपुरा थानाध्यक्ष रत्नेश कुमार दुबे और हनुमानगंज चौकी प्रभारी प्रशांत दूबे की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस ने वांछित इनामी अभियुक्त रजनीश यादव पुत्र जय प्रकाश यादव, निवासी नोनिया छपरा, थाना सुखपुरा, जनपद बलिया को बहादुरपुर पुलिया के पास से दोपहर करीब 2:50 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ कोतवाली थाने में दर्ज जानलेवा हमले के मुकदमे में कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय भेज दिया गया है।