29 अगस्त को सीएम गलाफरपुर में बांटेंगे बाढ़ राहत सामग्री, तैयारी में जुटा महकमा

Spread the love

29 अगस्त को सीएम गलाफरपुर में बांटेंगे बाढ़ राहत सामग्री, तैयारी में जुटा महकमा

बलिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को सहतवार थाना क्षेत्र के पकंहा गांव स्थित गलाफरपुर में बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री वितरित करेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शुक्रवार को विधायक केतकी सिंह ने डीएम मंगला प्रसाद सिंह और एसपी ओमवीर सिंह के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


कार्यक्रम स्थल पर जर्मन हैंगर, हेलीपैड और बैरिकेडिंग का कार्य अंतिम चरण में है। निरीक्षण के दौरान विधायक और डीएम ने जर्मन हैंगर के पूरब और पश्चिम दिशा में साइज बढ़ाने के साथ ही मंच का आकार भी बढ़ाने का निर्देश दिया। मंच के समीप बनाए गए सेफ हाउस का भी अधिकारियों ने निरीक्षण किया। लोक निर्माण विभाग की देखरेख में तैयार किए जा रहे हेलीपैड का डीएम ने निरीक्षण किया। उन्होंने खेत के चारों तरफ बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए। सड़क किनारे कई स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है। अभिसूचना इकाई और पुलिस की जांच एजेंसियों की टीमें भी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न जानकारियां जुटा रही हैं। प्रशासन की ओर से करीब 50 बाढ़ पीड़ितों की सूची तैयार की गई है, जिन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राहत सामग्री वितरित करेंगे। डीएम और एसपी के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी भी पूरे दिन कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहकर तैयारियों को अंतिम रूप देते रहेव। विधायक केतकी सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के साथ सिंचाई मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि बांसडीह विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत करने पहुंचेंगे।


सीएम का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
12:25 बजे: राजकीय हेलीकॉप्टर से मझौली तप्पा हवेली, देवरिया के हेलीपैड से प्रस्थान। बलिया के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण।
12:55 बजे: गलाफरपुर हेलीपैड पर आगमन।
13:00 बजे: हेलीपैड से गलाफरपुर कार्यक्रम स्थल के लिए प्रस्थान।
13:05 बजे: बाढ़ प्रभावित शिविर में राहत सामग्री का वितरण।
13:35 बजे: बाढ़ राहत शिविर से हेलीपैड के लिए प्रस्थान।
13:45 बजे: हेलीकॉप्टर से प्रस्थान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *