बलिया पुलिस मुठभेड़ में आरोपी के पैर में लगी गोली, साथी गिरफ्तार

Spread the love

बलिया पुलिस मुठभेड़ में आरोपी के पैर में लगी गोली, साथी गिरफ्तार

आभूषण साफ करने के बहाने महिलाओं के गहने चोरी करने का आरोप, तमंचा-कारतूस व जेवर बरामद

बलिया। भीमपुरा थाना पुलिस ने शुक्रवार की देर रात मुठभेड़ के दौरान आभूषण चोरी के आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सीएचसी नगरा भेजा गया। वहीं मौके से उसके एक साथी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।


पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त की रात करीब 11:40 बजे भीमपुरा पुलिस इब्राहिम पट्टी-उद्धरन मार्ग पर रात्रि गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि प्रेमरजा गांव के पास संदिग्ध लोग मौजूद हैं। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो एक आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अरविन्द सोनी (42) पुत्र स्व. सीताराम सोनी, निवासी वार्ड नंबर 12 पंचवीर, थाना साहेबपुर कमाल, जिला बेगूसराय (बिहार) के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को पुलिस ने तत्काल सीएचसी नगरा पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है और उसकी हालत सामान्य बताई गई है। वहीं उसके साथी पंकज सोनी (19) पुत्र अरविन्द सोनी, निवासी पंचवीर, थाना साहेबपुर कमाल, जिला बेगूसराय (बिहार) को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

गांव-गांव घूमकर करते थे चोरी
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी गांव-गांव घूमकर महिलाओं के आभूषण और पुराने पीतल के बर्तन साफ करने का झांसा देते थे। आरोप है कि इसी बहाने महिलाओं के आभूषण चोरी करने की घटनाओं को अंजाम दिया गया। पुलिस के मुताबिक 21 और 24 अगस्त को भी आरोपियों ने ऐसी घटनाएं की थीं।

तमंचा, कारतूस और जेवर बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, पीली धातु के तीन आभूषण, 15,600 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *