जयप्रभा सेतु से सरयू नदी में कूदी कंप्यूटर इंजीनियरिंग की छात्रा, तलाश जारी

Spread the love

जयप्रभा सेतु से सरयू नदी में कूदी कंप्यूटर इंजीनियरिंग की छात्रा, तलाश जारी

बलिया। यूपी-बिहार को जोड़ने वाले जयप्रभा सेतु से गुरुवार की दोपहर कंप्यूटर इंजीनियरिंग की छात्रा सरयू नदी में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा की तलाश शुरू कर दी। समाचार लिखे जाने तक उसका पता नहीं चल सका था। छात्रा की पहचान दोकटी थाना क्षेत्र के सेवकराय के टोला निवासी धर्मेंद्र कुमार सिंह की 25 वर्षीय पुत्री सौम्या सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सौम्या ग्रेजुएशन के बाद दिल्ली के बदरपुर में कंप्यूटर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थी। गुरुवार को वह जयप्रभा सेतु पर पहुंची और फोन पर किसी से बातचीत कर रही थी। इसी दौरान अचानक रेलिंग पर चढ़कर करीब 50 फीट नीचे सरयू नदी में छलांग लगा दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दो बाइक सवार युवक भी छात्रा के पीछे-पीछे जयप्रभा सेतु तक पहुंचे थे। छात्रा के नदी में कूदने के बाद दोनों युवक वहां से चले गए। पुलिस घटना के विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। घटना की जानकारी मिलने पर छात्रा की मां रेखा देवी बदहवास हालत में उत्पाद विभाग के चेकपोस्ट पहुंची और बेटी के नदी में कूदने की सूचना दी। इसके बाद यूपी और बिहार दोनों राज्यों की पुलिस सक्रिय हो गई। इस बाबत बैरिया थाना क्षेत्र की चांद दियर चौकी के प्रभारी अविनाश त्रिपाठी ने बताया कि जयप्रभा सेतु का पिलर संख्या दो बिहार क्षेत्र में आता है। इसके चलते बिहार के मांझी थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच- पड़ताल में जुट गई। दोनों राज्यों की पुलिस परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से सरयू नदी में छात्रा की तलाश कर रही है। सरयू में तेज बहाव और बढ़े जलस्तर के कारण तलाशी अभियान में पुलिस को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस छात्रा के नदी में गिरने के स्थान के आसपास लगातार तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *