बाढ़ प्रभावित गोपालनगर टांडी पहुंचे डीएम-एसपी, राहत कार्यों का लिया जायजा

Spread the love

बाढ़ प्रभावित गोपालनगर टांडी पहुंचे डीएम-एसपी, राहत कार्यों का लिया जायजा
बलिया। तहसील बैरिया के बाढ़ प्रभावित ग्राम गोपालनगर टांडी में गुरुवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने औचक निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों की हकीकत परखी। अधिकारियों ने बाढ़ पीड़ितों और ग्रामीणों से संवाद कर राशन, भोजन, पेयजल समेत अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली।


निरीक्षण के दौरान डीएम ने एसडीएम बैरिया से बाढ़ पीड़ितों को दिए गए मुआवजे और जमीन के पट्टे की स्थिति की जानकारी ली। एसडीएम ने बताया कि सभी पात्र पीड़ितों को मुआवजा दिया जा चुका है। वहीं, सात ऐसे लोग सामने आए, जिनके पास अपनी जमीन नहीं है। इस पर डीएम ने पात्र भूमिहीन बाढ़ पीड़ितों को नियमानुसार जमीन का पट्टा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डीएम ने देवपुर मठिया में बाढ़ चौकी स्थापित करने को भी कहा, ताकि जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता मिल सके। इसके बाद उन्होंने प्राथमिक विद्यालय गोपालनगर टांडी में बनाए गए बाढ़ राहत केंद्र का निरीक्षण किया और पीड़ितों से भोजन, पेयजल व अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
एसडीएम ने बताया कि अब तक 100 लोगों को बाढ़ राहत सामग्री वितरित की जा चुकी है।

डीएम ने निर्देश दिया कि कोई भी पात्र बाढ़ पीड़ित राहत से वंचित न रहे। उन्होंने क्षेत्र में सर्वे और चिन्हांकन कर सभी पात्र लोगों तक राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि राहत कार्यों में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम बैरिया, बाढ़ खंड अधिकारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *