संदिग्ध परिस्थितियों में ब्यूटी पार्लर संचालिका की मौत, मौत से पहले युवक पर जहर पिलाने का आरोप

Spread the love

संदिग्ध परिस्थितियों में ब्यूटी पार्लर संचालिका की मौत, मौत से पहले युवक पर जहर पिलाने का आरोप

मौत से पहले का सोशलमीडिया पर ब्यूटी पार्लर संचालिका का वीडियो हो रहा वायरल, पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का कर रही इंतजार

बलिया। मनियर कस्बा के वार्ड नंबर 12 में बुधवार को ब्यूटी पार्लर संचालिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान पूनम गुप्ता (42) पत्नी बृजेश गुप्ता निवासी वार्ड नंबर 12, मनियर के रूप में हुई है। वह कस्बे में रुचि ब्यूटी पार्लर का संचालन करती थी।

बताया जा रहा है कि पूनम गुप्ता का पति से लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों के बीच तलाक का मुकदमा भी न्यायालय में विचाराधीन है। पति से अलग रहने के दौरान वह पहले नवका ब्रह्म स्थान के पास किराए के मकान में रहती थी। करीब एक माह पूर्व उन्होंने मनियर के बरतर क्षेत्र में दूसरा किराए का मकान लिया था। परिजनों के अनुसार बुधवार को अचानक तबीयत बिगड़ने पर पति बृजेश गुप्ता उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनियर लेकर पहुंचे। जहां जहर के सेवन की आशंका को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल बलिया रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जिसके शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल स्थित मर्चरी हाउस में रखवा दिया गया। फिलहाल ब्यूटी पार्लर संचालिका की मौत कई सवाल खड़े कर रही है। सवाल यह उठता है कि पूनम गुप्ता ने वास्तव में जहर खाया था या उन्हें जहर दिया गया था या मौत की वजह कुछ और है? इसका खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। उधर, सूत्रों की माने तो पुलिस ने मोहम्मद आमिर पुत्र नौशाद उर्फ नजरे अली, निवासी वार्ड नंबर 12 मनियर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। इस बाबत मनियर थाना प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पूनम गुप्ता को उपचार के लिए जिला अस्पताल बलिया भेजा गया था। मृतका के परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।

मौत से पहले का वीडियो वायरल, युवक पर लगाए आरोप
पूनम गुप्ता की मौत से पहले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में पूनम गुप्ता आमिर खान नामक युवक पर अपने आभूषण ले जाने और जहर पिलाने का आरोप लगाती हुई दिखाई दे रही हैं। इन आरोपों की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, स्थानीय स्तर पर मृतका के एक युवक से कथित संबंधों को लेकर भी चर्चाएं हैं। पुलिस ने इन चर्चाओं की अभी कोई पुष्टि नहीं की है।

पहले भी बेटी और बेटे की हो चुकी है मौत
बताया जाता है कि पूनम गुप्ता के परिवार पर पहले भी दु:खों का पहाड़ टूट चुका है। उनकी करीब 18 वर्षीय बेटी रुचि की लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। वहीं, उनके पुत्र राजन गुप्ता की करीब छह माह पूर्व सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। अब पूनम गुप्ता की मौत के बाद परिवार में उनके पति के अलावा कोई नहीं बचा है। उनके मकान पर भी ताला लगा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *