
प्रदीप चौबे ने पावर लिफ्टिंग में किया शानदार प्रदर्शन, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित
बलिया। अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता के लिए राज्य स्तरीय चयन ट्रायल 24 और 25 अगस्त को गाजियाबाद के महामाया स्टेडियम में आयोजित हुआ। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों से करीब 48 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।




उत्तर प्रदेश सिविल सर्विसेज की ओर से प्रतिभाग करते हुए ग्राम्य विकास विभाग, बलिया में कार्यरत गोठहुली गांव निवासी प्रदीप चौबे ने 94-105 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन किया। प्रदीप ने कुल 550 किलोग्राम वजन उठाकर आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुरक्षित कर लिया। इससे पूर्व भी प्रदीप चौबे पूर्वांचल एवं राज्य स्तरीय पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर जनपद का नाम रोशन कर चुके हैं। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने बलिया पावर लिफ्टिंग एसोसिएशन के सचिव एवं प्रशिक्षक बालकृष्ण मूर्ति को दिया। प्रदीप की इस उपलब्धि पर जिला विकास अधिकारी आनंद प्रकाश, लेखा एसोसिएशन के अध्यक्ष अश्वनी उपाध्याय, प्रशासनिक अधिकारी इन्द्रपाल सिंह तथा पावर लिफ्टिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष राम किंकर सिंह ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।