
हॉलमार्क नियमों के उल्लंघन पर BIS की बलिया में छापेमारी, 156 ग्राम सोने के आभूषण जब्त
बलिया। भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) की लखनऊ शाखा ने मंगलवार को हॉलमार्किंग नियमों के उल्लंघन के खिलाफ बलिया में बड़ी कार्रवाई की। BIS की दो टीमों ने शहर के दो प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर बिना वैध हॉलमार्क वाले स्वर्ण आभूषण और हॉलमार्किंग से संबंधित सामग्री जब्त की।



पहली टीम ने निदेशक ऋत्विक आनंद के नेतृत्व में टाउन हॉल रोड स्थित शिवशंकर कॉम्पलेक्स के पीपी ज्वेलर्स पर जांच की। इस दौरान करीब 156 ग्राम ऐसे स्वर्ण आभूषण मिले, जिन पर वैध हॉलमार्क नहीं था। टीम ने सभी आभूषणों को नियमानुसार जब्त कर लिया।


वहीं, संयुक्त निदेशक शरद कुमार के नेतृत्व में दूसरी टीम ने लक्ष्मी मार्केट स्थित श्रीजा लेजर कटिंग सेंटर की जांच की। यहां बिना वैध BIS लाइसेंस के हॉलमार्किंग संबंधी गतिविधियां संचालित किए जाने का मामला सामने आया। टीम ने अवैध हॉलमार्क युक्त स्वर्ण आभूषणों के साथ हॉलमार्किंग से जुड़ी साक्ष्य-सामग्री भी जब्त की।
BIS लखनऊ शाखा के निदेशक एवं प्रमुख पियूष एम. वासेकर ने कहा कि उपभोक्ताओं को शुद्धता और गुणवत्ता वाले स्वर्ण आभूषण उपलब्ध कराना BIS की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी ज्वेलर्स से हॉलमार्किंग के निर्धारित मानकों और कानूनी प्रावधानों का पालन करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन मिलने पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।