
29 अगस्त को बलिया आएंगे मुख्यमंत्री, गलाफरपुर में तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा
बलिया। मुख्यमंत्री के 29 अगस्त को प्रस्तावित बलिया दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बांसडीह तहसील क्षेत्र के गलाफरपुर स्थित कार्यक्रम स्थल का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।





डीएम और एसपी ने कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री के स्वागत, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात, हेलिपैड निर्माण समेत अन्य तैयारियों की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली। उन्होंने मौके पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण करते हुए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए तैयारियों की नियमित निगरानी करने को कहा। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन का प्रयास है कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को पूरी तरह व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराया जाए। निरीक्षण के दौरान एडीएम अनिल कुमार, सीआरओ गुलशन, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, सीडीओ आलोक कुमार, एसडीएम बांसडीह, तहसीलदार बांसडीह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।