
दो करोड़ 40 लाख से बनेगा नगर पंचायत बांसडीह का नया कार्यालय
मुख्यमंत्री नगरोदय योजना से मिली धनराशि, चेयरमैन सुनील कुमार सिंह ने किया भूमिपूजन


बलिया। नगर पंचायत बांसडीह कार्यालय परिसर में बुधवार को आधुनिक सुविधाओं से युक्त दो मंजिला कार्यालय भवन के निर्माण के लिए चेयरमैन सुनील कुमार सिंह बब्लू ने भूमि पूजन किया। मुख्यमंत्री नगरोदय योजना के तहत भवन निर्माण के लिए दो करोड़ 40 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। कार्यदायी संस्था सीएनडीएस द्वारा भवन का निर्माण एक वर्ष में पूरा किया जाएगा।
चेयरमैन सुनील कुमार सिंह बब्लू ने बताया कि नए भवन में मीटिंग हाल, नगर पंचायत अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी का कार्यालय, कंप्यूटर कक्ष तथा लिपिक कार्यालय बनाया जाएगा। प्रथम तल पर अधिशासी अधिकारी के आवास की भी व्यवस्था होगी। भवन में शौचालय, ड्रेनेज सिस्टम और वाटर हार्वेस्टिंग जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी।



उन्होंने कहा कि नए दो मंजिला कार्यालय भवन के निर्माण से नगर पंचायत के प्रशासनिक कार्यों को बेहतर और व्यवस्थित तरीके से संचालित करने में मदद मिलेगी। साथ ही विभिन्न कार्यों के लिए कार्यालय आने वाले नगरवासियों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
भूमि पूजन के दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष विजय गुल्लर, ब्रजेश कुमार, सुरेश मिश्रा सहित नगर पंचायत के सभी सभासद मौजूद रहे।