कैशियर पर नकाबपोश बदमाशों ने हमला कर लूटा 1.22 लाख रुपये से भरा बैग

Spread the love

कैशियर पर नकाबपोश बदमाशों ने हमला कर लूटा 1.22 लाख रुपये से भरा बैग


बलिया। चितबड़ागांव थाना क्षेत्र के महरेव गांव स्थित गैस एजेंसी के कैशियर को सोमवार की रात बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने रोककर मारपीट की और उनकी बाइक की डिग्गी में रखे 1.22 लाख रुपये लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एएसपी दक्षिणी संजय वर्मा, सीओ अक्षय कुमार और स्वाट टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच पड़ताल की।


बताया गया कि भारत गैस एजेंसी, चितबड़ागांव के कैशियर उपेंद्र कुमार पुत्र दुखन राम, निवासी हैबतपुर थाना कोतवाली, सोमवार रात एजेंसी बंद करने के बाद बाइक से अपने घर जा रहे थे। रास्ते में पानी प्लांट के पास बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली। बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और बाइक की डिग्गी में रखे 1 लाख 22 हजार रुपये लेकर फरार हो गए।


घटना की सूचना मिलते ही चितबड़ागांव थाना पुलिस के साथ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित कैशियर से घटना की जानकारी ली। पुलिस बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। देर रात कैशियर की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। एएसपी दक्षिणी संजय वर्मा ने बताया कि घटना के अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *