
भोजपुरवा में बाढ़ से घिरे पांच दर्जन परिवारों को एनडीआरएफ ने सुरक्षित निकाला
बलिया। सरयू नदी की बाढ़ में फंसे भोजपुरवा गांव के करीब पांच दर्जन परिवारों को सोमवार सुबह एनडीआरएफ की टीम ने नावों के सहारे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लगातार बढ़ते जलस्तर के चलते गांव में चारों ओर पानी भर गया था और ग्रामीण अपने घरों में फंस गए थे।



रविवार रात प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम गांव पहुंच गई थी, लेकिन अंधेरा और चारों तरफ पानी होने के कारण रात में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं किया जा सका। सोमवार सुबह एनडीआरएफ के जवानों ने नावों के जरिए गांव में पहुंचकर ग्रामीणों को एक-एक कर सुरक्षित निकाला। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को प्राथमिकता दी गई। कई परिवारों का जरूरी घरेलू सामान भी नावों के जरिए बाहर निकाला गया।
बाढ़ से सुरक्षित निकलने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। मुन्ना यादव, राजेंद्र यादव, संजय यादव, सुधीर यादव, हीरालाल यादव, श्रीराम यादव, योगेंद्र यादव, लल्लन यादव, स्वामीनाथ यादव, श्रीकिशन यादव, राधाकृष्ण यादव, मुन्नीलाल यादव, जवाहर यादव और रामजी यादव समेत कई परिवारों को सुरक्षित टीएस बंधा पर पहुंचाया गया।


उधर, सरयू नदी के जलस्तर में सोमवार सुबह मामूली गिरावट दर्ज की गई। चांदपुर में रविवार शाम जलस्तर 58.76 मीटर था, जो सोमवार सुबह घटकर 58.73 मीटर हो गया। हालांकि कमी के बावजूद भोजपुरवा में बाढ़ का पानी अभी भी ग्रामीणों के लिए परेशानी बना हुआ है। नाव के सहारे गांव पहुंचे एसडीएम पुष्कर मिश्रा, तहसीलदार नितिन कुमार सिंह और नायब तहसीलदार आशीष सिंह ने बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। सीओ जयशंकर मिश्र और प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा।