
ई-रिक्शा चालक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप
बलिया। रेवती कस्बे के वार्ड संख्या सात में सोमवार की सुबह 34 वर्षीय ई-रिक्शा चालक प्रताप माली का शव घर के बगल स्थित पुराने मकान के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। शव मिलने की सूचना पर परिजनों और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।



परिजनों के अनुसार प्रताप रविवार की रात करीब दस बजे ई-रिक्शा लेकर घर लौटा था। खाना खाने के बाद वह रोज की तरह बगल स्थित पुराने घर के कमरे में सोने चला गया। सोमवार की सुबह काफी देर तक उसके नहीं उठने पर मामा के लड़के दिलीप को जगाने के लिए भेजा गया। कमरे में पहुंचने पर प्रताप को मृत देख दिलीप ने शोर मचाकर परिजनों और आसपास के लोगों को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पिता मोहन माली, मां निर्जला सहित परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। बेटे का शव देखते ही मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।


सूचना पर थानाध्यक्ष अनिल सिंह पुलिस टीम के साथ पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
वहीं, मृतक के परिजनों ने एक अन्य ई-रिक्शा चालक पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस संबंधित व्यक्ति से पूछताछ करने के साथ ही मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। मृतक की पत्नी रोशनी 14 वर्षीय बेटे वैभव के साथ अपने मायके पटना में है। घटना के बाद वार्ड में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और लोगों की निगाहें पुलिस जांच व पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं।