
खराब डीप फ्रीजर को लेकर अनोखा प्रदर्शन, मोदी की तस्वीर के सामने किया जाप
बलिया। जिला अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस में खराब पड़े डीप फ्रीजर को ठीक कराने की मांग को लेकर सागर सिंह राहुल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अनोखा विरोध-प्रदर्शन किया। पोस्टमार्टम हाउस के बाहर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर को भगवान के स्वरूप में रखकर कार्यकर्ताओं ने “ॐ नरेंद्र मोदी नमः” का जाप किया।



प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वीडियो में डॉ. राजन सिंह द्वारा “ॐ नरेंद्र मोदी नमः” का जाप करने से चार दिन में चमत्कार और आर्थिक लाभ होने का दावा किया गया है। इसी कथित चमत्कार की उम्मीद में पोस्टमार्टम हाउस के खराब डीप फ्रीजर के जल्द ठीक होने के लिए जाप किया गया।


सागर सिंह राहुल ने कहा कि उम्मीद है कि चार-पांच दिनों में पोस्टमार्टम हाउस के सभी खराब डीप फ्रीजर ठीक हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि यदि जाप से चमत्कार होने का दावा किया जा रहा है तो उसी उम्मीद के साथ यह प्रदर्शन किया गया है। विक्रांत सिंह हैप्पी ने कहा कि पोस्टमार्टम हाउस में डीप फ्रीजर का खराब होना गंभीर समस्या है। अधिकारियों को तत्काल संज्ञान लेकर सभी खराब उपकरणों को दुरुस्त कराना चाहिए, ताकि शवों को सुरक्षित रखने में परेशानी न हो। प्रदर्शनकारियों ने जाप के माध्यम से प्रशासन का ध्यान समस्या की ओर आकर्षित करते हुए शीघ्र समाधान की मांग की ।