
मिड्ढा गांव में शान्तिढंग से निकला ऐतिहासिक महावीरी झंडा जुलूस
रवि, छोटेलाल, छोटू व संजय ने विरोधियों को चटाई धूल





बलिया। नगर से सटे मिड्ढा गांव में रविवार को ऐतिहासिक महावीरी झंडा जुलूस निकाला गया। यह जुलूस स्व. केदार साहू के दरवाजे से निकलकर बाजार और कारखाना होते हुए गिरवर दास बाबा की कुटी स्थित महावीर मंदिर पर पहुंचा। इसके बाद गांव का भ्रमण करते हुए काली मंदिर स्थित अखाड़े पर पहुंचा, जहां जनपद के अलावा गैर जनपद के पहलवानों ने एक से बढ़कर एक दाव पांच दिखाया। इस दौरान विजेता पहलवानों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके पहले गांव के समाजसेवी विनोद सिंह हनुमान जी का पट खोल कर पूजन अर्चन किया।

प्रत्येक वर्ष श्रावण मास में निकलने वाले महावीरी झंडा जुलूस इस वर्ष भी स्व. केदार साहू के दरवाजे से निकाला गया, जो मुख्य मार्ग होते हुए बाजार पहुंचा। इसके बाद कारखाना होते हुए गिरवरदास बाबा की कुटी पर पहुंचा, जहां हनुमान मंदिर पर पूजन-अर्चन किया गया। वहां से जुलूस उठकर कारखाना, बाजार स्थित शिव मंदिर होते हुए गांव का भ्रमण कर गोरथाना के पोखरा पहुंचा। जहां शिव मंदिर पर पूजन-अर्चन करने के बाद जुलूस गांव के पूरब स्थित मां काली मंदिर पर अखाड़े का शुभारंभ किया गया।

जनपद के अलावा गैर जनपद से पधारे पहलवानों ने अपने दाव से विरोधियों को धूल चटाया। इस दौरान परसिया के रवि यादव ने अपने प्रतिद्वंदी बिन्देश्वर को पटखनी देकर अखाड़े की शुरुवात की। तत्पश्चात द्वाबा के छोटेलाल ने अपने प्रतिद्वंदी बिहार बक्सर के रामबचन को धूल चटाई। इसी क्रम में अलावलपुर के छोटू ने स्टेडियम के गोलू को पटखनी दी। वही गाजीपुर के संजय ने अपने विरोधी बिल्थरारोड के राजू की धूल चटाया। इस दौरान अचानक आई तेज बारिश ने अन्य पहलवानों को अपने कला का प्रदर्शन करने में रोड़ा डाल दिया। इसके पहले प्रधान मनिंद्र बहादुर ठाकुर उर्फ सोनू ने पहलवानों को माला पहनाकर तथा हाथ मिलवाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। वही रेफरी की भूमिका में चुन्नू सिंह रहे।

वही श्रद्धालुओं द्वारा जय श्रीराम, जय हनुमान, हर-हर महादेव का जयघोष किया गया। इससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। इस दौरान गाजे-बाजे के साथ ही बैंड बाजा ने भी जुलूस की शोभा बढ़ाई। सुरक्षा के मद्देनजर खुफिया विभाग सहित फेफना थानाध्यक्ष अखिलेश पांडेय और सुखपुरा थानाध्यक्ष दलबल के साथ मौजूद रहे।