
UPSSSC अभ्यर्थियों के लिए बलिया-लखनऊ परीक्षा विशेष ट्रेन चलेगी
बलिया। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की लिखित मुख्य परीक्षा 23 अगस्त को प्रदेश के 12 जनपदों में 229 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा बलिया–लखनऊ जंक्शन के बीच परीक्षा विशेष ट्रेन का संचालन किया जा रहा है।
गाड़ी संख्या 05133 बलिया–लखनऊ जंक्शन परीक्षा विशेष 22 अगस्त को बलिया से शाम 7:30 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन रसड़ा, मऊ, आजमगढ़, शाहगंज, अम्बेडकर नगर, अयोध्या धाम, बाराबंकी और बादशाहनगर होते हुए अगले दिन सुबह 6:15 बजे लखनऊ जंक्शन पहुंचेगी। इसकी जानकारी देते हुए मुख्य प्रचार निरीक्षक, वाराणसी हिमांशु राव ने दी।



बताया कि गाड़ी संख्या 05134 लखनऊ जंक्शन–बलिया परीक्षा विशेष 23 अगस्त को लखनऊ जंक्शन से दोपहर 3:45 बजे रवाना होगी। ट्रेन बादशाहनगर, बाराबंकी, अयोध्या धाम, अम्बेडकर नगर, शाहगंज, आजमगढ़, मऊ और रसड़ा होते हुए अगले दिन रात 2:20 बजे बलिया पहुंचेगी।


रेलवे प्रशासन ने परीक्षा विशेष ट्रेन के सुचारु संचालन और समयपालन के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। स्टेशनों पर अभ्यर्थियों की संख्या को देखते हुए साफ-सफाई, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। महिला अभ्यर्थियों और उनके परिजनों की सुविधा एवं सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी जाएगी। रेलवे ने अभ्यर्थियों से स्टेशन पर पर्याप्त समय पहले पहुंचने तथा यात्रा के दौरान रेलवे के नियमों और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की ।