
अमित पाण्डेय पप्पू
दौड़ प्रतियोगिता में बलिया स्टेडियम के अवनीश रहे प्रथम
कुरेजी में भव्य दंगल और दौड़ प्रतियोगिता, पहलवानों-धावकों ने दिखाया दमखम


गड़वार। श्रावण दशमी के अवसर पर चिलकहर ब्लॉक के कुरेजी गांव के उत्तर साइड स्थित योगीराज बाबा रामगढ़ के परिसर में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य दंगल एवं दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे पहलवानों ने शानदार कुश्ती कला का प्रदर्शन कर दर्शकों की तालियां बटोरीं। सुलेमान, आजाद, रामजी, देवपाल, पप्पन, राजू, शैलेश और मोनू समेत कई पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन किया।



उधर, 1600 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में बलिया स्टेडियम के अवनीश ने प्रथम, सुखपुरा के प्रदीप ने द्वितीय और सोवई बांध के विशाल ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता खिलाड़ियों को आयोजकों की ओर से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में समाजसेवी अवनीश सिंह, गगन प्रकाश सिंह, ब्लॉक प्रमुख आदित्य गर्ग और समाजसेवी राज सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में आयोजक शंकर सिंह छोटकन और रेफरी रामप्रवेश यादव आजाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में आयोजक एवं रेफरी ने अतिथियों, पहलवानों, धावकों और सहयोगियों का आभार जताया।