बलिदान दिवस पर गूंजा ‘बागी बलिया’, शहीदों के परिजनों का हुआ सम्मान

Spread the love

बलिदान दिवस पर गूंजा ‘बागी बलिया’, शहीदों के परिजनों का हुआ सम्मान


बलिया। बलिया बलिदान दिवस के अवसर पर बुधवार को गंगा बहुद्देशीय सभागार में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने मां सरस्वती एवं महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन हुआ।
समारोह में बलिया के 13 शहीदों की पत्नियों और 25 स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न एवं मिठाई देकर सम्मानित किया गया। एनसीसी कैडेटों और रंगोली कलाकारों को भी सम्मानित किया गया। परिवहन मंत्री ने रंगोली कलाकारों को प्रोत्साहन स्वरूप पांच-पांच हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की।


कार्यक्रम में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, महर्षि बालिका विद्यालय की छात्राओं और कलाकार प्रवण कान्हा जी ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। ‘जय हो-जय हो बागी बलिया’ जैसे गीतों पर सभागार में मौजूद लोग उत्साह से झूम उठे। इस दौरान बलिया के स्वतंत्रता आंदोलन और बलिदान की गौरवगाथा से संबंधित वीडियो भी प्रदर्शित किया गया।
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि 19 अगस्त का दिन बलिया के लिए गौरव का दिन है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान चित्तू पांडेय के नेतृत्व में बलिया के क्रांतिकारियों ने अंग्रेजी शासन को उखाड़ फेंका था। करीब 14 दिनों तक बलिया स्वतंत्र रहा और चित्तू पांडेय ने स्वतंत्र बलिया के जिलाधिकारी के रूप में व्यवस्था संभाली। उन्होंने कहा कि बलिया के क्रांतिकारियों का साहस और बलिदान आज भी नई पीढ़ी को देशभक्ति की प्रेरणा देता है।


राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि देश-दुनिया में कहीं भी जाएं और कोई पूछे कि आप कहां से हैं तो गर्व से कहें कि ‘बागी बलिया’ से हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर देश की आजादी में महत्वपूर्ण योगदान दिया। बलिया के गौरवशाली इतिहास को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि जिले की ऐतिहासिक पहचान के साथ विकास को भी आगे बढ़ाना जरूरी है। सरकार बलिया में शिक्षा, बुनियादी सुविधाओं और विकास के नए अवसरों को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, सीआरओ गुलशन जी, एडीएम अनिल कुमार, सीडीओ आलोक कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *