
आठ साल पुराने हत्या के मामले में सात दोषियों को 10 -10 वर्ष की सजा, 1.81 लाख जुर्माना
लोहे की रॉड से पीटकर की थी धर्मेंद्र की हत्या
बलिया। करीब आठ साल पूर्व धर्मेंद्र की हुई हत्या के मामले में जिला एवं सत्र न्यायालय ने सात आरोपियों को 10 -10 वर्ष के कारावास और कुल 1.81 लाख रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। पुलिस की मॉनिटरिंग सेल और अभियोजन विभाग की प्रभावी पैरवी के फलस्वरूप शुक्रवार को न्यायालय ने थाना बांसडीहरोड में वर्ष 2018 में दर्ज मामले में फैसला सुनाया।





दोषी ठहराए गए आरोपियों में संदीप कुमार प्रसाद पुत्र प्रेम कुमार प्रसाद, श्री भगवान पुत्र बलिराम साहनी, राजकुमार साहनी पुत्र छट्ठू साहनी, सनोज पुत्र सत्यनारायण साहनी, मुकेश पुत्र हरिमोहन साहनी, प्रेम कुमार पुत्र छट्ठू साहनी और अनिल पुत्र छट्ठू साहनी शामिल हैं। सभी आरोपी भीखपुर गांव, थाना बांसडीहरोड के निवासी हैं। न्यायालय ने सात आरोपियों को 10 – 10 वर्ष का कारावास और एक लाख रुपये जुर्माना सुनाया। जुर्माना नहीं देने पर दो वर्ष का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। वही धारा 325/149 और 308/149 में पांच-पांच वर्ष का कारावास और 25-25 हजार रुपये अर्थदंड लगाया गया। दोनों मामलों में अर्थदंड नहीं देने पर एक-एक वर्ष का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। इसके अलावा धारा 323/149 में एक वर्ष की सजा और एक हजार रुपये जुर्माना, धारा 506 में चार वर्ष की सजा और 10 हजार रुपये जुर्माना, धारा 504 में एक वर्ष की सजा और पांच हजार रुपये जुर्माना, धारा 147 में एक वर्ष की सजा और पांच हजार रुपये जुर्माना तथा धारा 148 में दो वर्ष की सजा और 10 हजार रुपये अर्थदंड लगाया गया। इन धाराओं में जुर्माना नहीं अदा करने पर भी अलग-अलग अवधि का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।